तमिलनाडु: 'जीसस, ब्लेस इंडिया' लिखा कागज तिरंगे पर चिपकाया, पड़ोसियों की शिकायत पर टीचर अरेस्ट
बाद में टीचर को जमानत मिल गई.

तमिलनाडु (Tamilnadu) के तिरपुर (Tirpur) जिले में एक टीचर को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे (Tricolour) का अपमान करने के लिए 16 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था. उसने एक कागज पर 'जीसस, ब्लेस इंडिया' यानी 'जीसस, भारत का भला करो' लिख, इसे तिरंगे पर चिपका दिया था. तिरंगे को उसने अपनी बालकनी में लगाया था. गिरफ्तार हुए शख्स का नाम एविन है. उसकी उम्र 36 साल है.
इंडिया टुडे से जुड़े प्रमोद माधव की रिपोर्ट के मुताबिक, एविन तमिलनाडु के तिरपुर जिले के धरमपुर कस्बे में पढ़ाता है. आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर अपने घर में एक तिरंगा लगाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर एविन ने भी अपनी बालकनी में तिरंगा लगाया था. हालांकि, उसके पड़ोसियों ने देखा कि एविन ने 'जीसस, ब्लेस इंडिया' लिखा कागज तिरंगे पर चिपका रखा है. पड़ोसियों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी.
Tricolour का अपमानपुलिस एविन के घर पहुंची. सबसे पहले झंडे को उतारा गया और फिर एविन को हिरासत में लिया गया. एविन के ऊपर नेशनल ऑनर एक्ट, 1971 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया. एविन की गिरफ्तारी भी हुई. हालांकि, बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया.
पुलिस ने बताया कि एविन ने कागज को तिरंगे की सफेद रंग वाली पट्टी पर चिपकाया था. बाद में उसने एक रॉड से तिरंगे को अपनी बालकनी में बांध दिया था. पुलिस ने बताया कि ऐसा करके एविन ने तिरंगे का अपमान किया. पुलिस ने आगे बताया कि इस बात की जानकारी एविन के पड़ोसियों ने दी.
एक ऐसी ही घटना की जानकारी राज्य के कोयंबटूर जिले के सुंदरपुरम कस्बे से भी आई. यहां पर भी तिरंगे के ऊपर 'जीसस, ब्लेस इंडिया' लिखा कागज चिपकाया गया. रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. इधर तमिलनाडु के धर्मपुरी जिले में एक सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत की गई कि उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने और तिरंगे को सलामी देने से इनकार कर दिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके पीछे उन्होंने अपनी धार्मिक मान्यताओं का हवाला दिया.
वीडियो- BJP नेता बोले- जिस घर तिरंगा नहीं, उस पर विश्वास नहीं, कांग्रेस-आप ने RSS को घेरा!

