The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Tamil Nadu Three suicides over fees but no rooms, teachers in medical college

यहां भी तीन छात्राओं ने सुसाइड किया है सर!

2 साल में 6 लाख रुपये ऐंठ लिए प्राइवेट कॉलेज ने. दिल्ली से कोई VIP जहाज यहां भी पहुंचेगा क्या?

Advertisement
pic
25 जनवरी 2016 (अपडेटेड: 25 जनवरी 2016, 01:45 PM IST)
Img The Lallantop
फोटो क्रेडिट: अरुण, द इंडियन एक्सप्रेस
Quick AI Highlights
Click here to view more
जब पूरा देश हैदराबाद यूनिवर्सिटी और रोहित वेमुला सुसाइड केस की बात कर रहा है, ये खबर आपको पढ़नी चाहिए. देश में प्राइवेट एजुकेशन सिस्टम का हाल-ए-बयां पता चलेगा. तमिलनाडु में एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज की तीन छात्राओं ने हाल ही में सुसाइड कर लिया. वजह, कॉलेज मैनेजमेंट का फीस का लालच.
चेन्नई से 170 किलोमीटर दूर विल्लुपुरम में SVS मेडिकल कॉलेज है. यहां स्टूडेंट्स के लिए बेसिक फैसिलिटी भी नहीं है और चोरकटई का लेवल ऐसा है कि जी घिना जाए. तीनों छात्राओं की लाश एक ही कुंए से मिली. पुलिस कॉलेज के मालिकों की खोज में लग गई है.
तीनों छात्राओं ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था, 'हम ने अपना सेकेंड ईयर भी पास नहीं किया है और कॉलेज वालों ने हमसे अब तक 6 लाख रुपये ऐंठ लिए हैं.' 
'द इंडियन एक्सप्रेस' की खबर के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज में क्लासरूम, लैब और टीचर्स हैं ही नहीं. कॉलेज में 100 के करीब स्टूडेंट्स हैं. कॉलेज प्रशासन एक स्टू़डेंट से करीब 5 लाख रुपये चार्ज करता है. पर बीते 8 सालों में कॉलेज से एक भी प्लेसमेंट नहीं हुआ है.
इन लड़कियों ने कर ली खुदकुशी
इन लड़कियों ने कर ली खुदकुशी

आगे जानिए कॉलेज का पूरा हाल.
1. गवर्नमेंट ने कोर्स के लिए 30-55 हजार रुपये फिक्स की है. लेकिन कॉलेज मैनेजमेंट एक स्टूडेंट से करीब 95 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक ऐंठता था. पांच साल की पूरी फीस दो या तीन साल में ही वसूल ली जाती थी.


2. एक स्टूडेंट के मुताबिक, खाना बनाने के लिए घटिया सामान मुहैया कराया जाता था. मैनेजमेंट खाने को खूब तीखा बनाने के लिए कहता था. ताकि कम से कम खाने की खपत हो.


3. स्टूडेंट्स से टॉयलेट की सफाई भी करवाई जाती थी. कर्म योगा के नाम पर कैंपस की सफाई और रिपेयरिंग का भी काम करवाया जाता था.


4. कुछ सब्जेक्ट पढ़ाने के लिए कॉलेज मैनेजमेंट इंटर्न का इस्तेमाल करता था. ये वो इंटर्न होते थे, जिनको ओरिजिनल सर्टिफिकेट देने से इनकार करने के बाद मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ाने के लिए फोर्स करता था. एक स्टूडेंट ने कहा, 'मुझसे सीनियर बैच 100 स्टूडेंट्स के साथ शुरू हुआ था. और साल आखिर होते-होते बचे 10 स्टूडेंट.'
https://twitter.com/ANI_news/status/691512961408454658
कुकुरमुत्ते की तरह उगे प्राइवेट कॉलेजों ने गरीब परिवार के छात्र-छात्राओं को किस तरह का मानसिक तनाव दिया है, ये बात किसी से छिपी नहीं है. दिल्ली से तमाम VIP उड़ानें आज कल हैदराबाद तो पहुंच ही रही हैं. पर पता नहीं कोई जहाज यहां से 800 किलोमीटर दूर विल्लुपुरम भी पहुंचेगा या नहीं.

Advertisement

Advertisement

()