तमिलनाडु: सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल ने तिरंगा फहराने से मना किया, कहा - "ईसाई हूं"
अपने बयान में कहा - "ईश्वर के अलावा और किसी के आगे सर नहीं झुका सकती"

तमिलनाडु (Tamil Nadu) के धर्मपुरी (Dharmapuri) जिले में एक सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत की गई है कि उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने और तिरंगे को सलामी देने से इनकार कर दिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके पीछे उन्होंने अपनी धार्मिक मान्यताओं का हवाला दिया. सूत्रों के मुताबिक इसके बाद स्कूल की असिस्टेंट हेडमिस्ट्रेस ने तिरंगा फहराया.
'क्रिश्चियन हूं, तिरंगे को सलाम नहीं कर सकती'इंडिया टुडे की अक्षया नाथ की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिंसिपल का नाम तमिलसेल्वी है. उन्होंने एक वीडियो में तिरंगा न फहराने के पीछे कारण बताया कि वे यकोबा क्रिश्चियन हैं और उनकी मान्यता उन्हें ईश्वर के अलावा किसी के आगे सिर झुकाने की इजाजत नहीं देती. उन्होंने कहा कि उनका मकसद तिरंगे का अपमान करना नहीं था. वे तिरंगे का सम्मान करती हैं, लेकिन उनके धर्म में सिर्फ ईश्वर को सलाम किया जाता है.
प्रिंसिपल ने कहा,
“हम केवल भगवान को सलाम करते हैं और किसी को नहीं. हम झंडे का सम्मान करते हैं, लेकिन हम केवल भगवान को सलाम करेंगे. इसलिए, हमने असिस्टेंट हेडमिस्ट्रेस को झंडा फहराने के लिए कहा.”
रिपोर्ट के मुताबिक तमिलसेल्वी इस साल रिटायर होने वाली हैं और बताया गया कि 15 अगस्त को उन्हें सम्मानित करने का कार्यक्रम रखा गया था.
चीफ एजुकेशन ऑफिसर से की गई प्रिंसिपल की शिकायतइस घटना के बाद धर्मपुरी के चीफ एजुकेशन ऑफिसर (CEO) के पास एक शिकायत दर्ज कराई गई. इसमें लिखा गया कि सरकारी स्कूल की शीर्ष अधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूल में तिरंगा फहराने से मना कर दिया.
शिकायत में यह भी लिखा गया कि स्वतंत्रता दिवस मनाए जाने के दौरान उन्होंने छुट्टी ली. शिकायत में दावा किया गया कि वे बीमारी के बहाने कई साल से 15 अगस्त पर छुट्टी लेती आई हैं. तमिलसेल्वी पर आरोप लगाया गया है कि वे एक धर्म के प्रति भेदभाव करती आई हैं.
वीडियो- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9वीं बार फहराया तिरंगा, बोले- ‘2047 में भारत होगा विकसित’

