The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Taliban Terrorist Attack In Karachi Police Chief Office Several Dead

पाकिस्तान: कराची पुलिस मुख्यालय में घुसे आतंकी, ताबड़तोड़ गोलीबारी में 6 की मौत

एक आतंकी ने खुद को बम से उड़ा लिया. आतंकियों से निपटने के लिए स्नाइपर्स को तैनात किया गया है.

Advertisement
pic
17 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 17 फ़रवरी 2023, 11:38 PM IST)
Pakistan Terrorist Attack Karachi Police Chief
सुरक्षाबलों और हमलावरों में मुठभेड़. (फोटो: रॉयटर्स)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पाकिस्तान के कराची में 17 फरवरी को आतंकवादियों ने पुलिस चीफ के ऑफिस (Karachi Terrorist Attack) पर हमला कर दिया. स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. वहीं कई घायल हैं. मरने वालों में तीन आतंकवादी शामिल हैं. ऑफिस में 8 से 10 आतंकवादियों ने हमला किया था. हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (Pakistan Taliban) ने ली है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले की सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने बिल्डिंग को घेर लिया. इन हमलावरों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ अभी भी जारी है. सुरक्षाबलों ने पांच मंजिला इमारत के कई फ्लोर खाली करा लिए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर छत पर मौजूद हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक बिल्डिंग में गोलीबारी के अलावा धमाकों की भी आवाज सुनी गई है. एक हमलावर ने चौथी मंजिल पर खुद को बम से उड़ा लिया. धमाका इतना तेज था कि आसपास की इमारतों के खिड़कियों के शीशे टूट गए.

स्नाइपर्स तैनात किए गए

रिपोर्ट्स के अनुसार, हमला शाम को करीब 7 बजे शुरू हुआ. घटनास्थल से आए वीडियोज में सुरक्षाबलों और हमलावरों के बीच चल रही गोलियों की आवाज सुनी जा सकती है. इस सिंध सरकार के प्रवक्ता मुर्तजा वहाब ने बताया कि आतंकवादियों से निपटने के लिए स्नाइपर्स को भी तैनात किया गया है. वहीं सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने कहा है कि पुलिस चीफ के ऑफिस पर हमला स्वीकार नहीं हैं. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल पर जरूरी फोर्स भेजने का आदेश दिया है.

हमलावरों से निपटने के लिए आर्मी की सहायता भी मांगी गई है. हमलावरों के खिलाफ अभियान का नेतृत्व काउंटर टेररिज्म फोर्स के एक ब्रिगेडियर कर रहे हैं. हमला पुलिस चीफ ऑफिस के पास स्थित सदर पुलिस स्टेशन पर भी हुआ है. बताया जा रहा है कि पूरे शहर के पुलिस बल को घटनास्थल पर बुलाया गया है.

पिछले साल नवंबर महीने के बाद से पाकिस्तान में इस तरह के हमलों में बढ़ोतरी देखी गई है. पाकिस्तानी तालिबान ने तब सरकार के साथ किए गए सीजफायर समझौते को तोड़ दिया था. ये समझौता बहुत लंबे समय से चला आ रहा था.

वीडियो: दुनियादारी: पाकिस्तान में भीड़ की हैवानियत डराने वाली है, सरकार को किससे डर लगता है?

Advertisement

Advertisement

()