सीरिया में ईरान से जुड़े ठिकाने पर अमेरिका की एयरस्ट्राइक, 9 की मौत
अमेरिका के रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन कहा कि अगर ईरान की तरफ से अमेरिकी सेना पर हमले बंद नहीं हुए तो हम जरूरी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे. इजरायल-हमास युद्ध के बीच ये कार्रवाई हुई है.

इजरायल-हमास युद्ध (Israel Hamas War) के बीच अमेरिका ने पूर्वी सीरिया (US Syria) में हथियारों को स्टोर करने वाली एक जगह पर हमला किया है. अमेरिकी के रक्षा विभाग मुख्यालय पेंटागन के अनुसार, ये जगह ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़ी हुई थी. हमले में 9 लोगों के मारे जाने की रिपोर्ट है.
The Guardian की रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के दो हफ्तों में ये दूसरी बार है जब अमेरिका ने सीरिया में किसी जगह पर हमला किया है. रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर की शुरुआत से अब तक ईरान से जुड़े सैनिकों ने इराक और सीरिया में अमेरिकी और उनसे जुड़े सैनिकों पर कम से कम 40 बार हमला किया गया है.
अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन (Lloyd Austin) के हवाले से The Guardian ने लिखा, 8 नवंबर को किए गए हमले में दो अमेरिकी F-15 लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया गया है. यह हमला हाल के दिनों में अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ किए गए हमलों का जवाब था.
ऑस्टिन ने कहा कि अमेरिका के खिलाफ होने वाले हमले बंद होने चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि अगर ईरान की तरफ से अमेरिकी सेना पर हमले बंद नहीं हुए तो हम जरूरी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे.
ये भी पढ़ें: इजरायल ने गाजा के किए 'दो टुकड़े', आगे के लिए बनाया और खतरनाक प्लान!
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स वार मॉनिटर ने बताया है कि 8 नवंबर के अमेरिकी हमले में ईरान समर्थित समूहों से जुड़े नौ लोग मारे गए.
रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले 17 अक्टूबर को अमेरिकी कर्मियों पर रॉकेट और ड्रोन के साथ 40 से अधिक बार हमला किया गया था. इसके जवाब में 26 अक्टूबर को अमेरिका ने सीरिया में दो और जगहों पर हमला किया था. कहा गया कि इन जगहों का भी इस्तेमाल IRGC के द्वारा किया जा रहा था. हालांकि, इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई थी.
'अमेरिका सैनिकों पर हुए हमलों' और 'अमेरिका द्वारा किए जा रहे हमलों' में तेजी इजरायल-हमास युद्ध से जुड़ी हुई है. हमास ने 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमला किया था. इसके बाद इजरायल ने गाजा पट्टी में बमबारी शुरू कर दी थी. इजरायल ने जमीनी रास्ते से भी गाजा पट्टी में हमला किया. फिलिस्तीन के अधिकारियों का कहना है कि अब तक इस लड़ाई में गाजा में 10,500 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं. ये आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है. वहीं इजरायल में 1400 से अधिक लोगों के मारे जाने की जानकारी है.
ये भी पढ़ें: इजरायल को धमका रहे ईरान से PM मोदी ने क्या बात की है?
वीडियो: दुनियादारी: क्या इज़रायल के पास परमाणु बम है, रूस, ईरान ने बवाल क्यों मचाया?

