The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Sutapa Sikdar apologies to sushant singh rajput doctor after finding the viral news false

सुतपा सिकदर ने सुशांत के डॉक्टर पर जो लिखा था, वो गलत निकला तो माफी मांग ली

ऐसा क्या था उस खबर में जो सुतपा ने शेयर की थी?

Advertisement
pic
23 जून 2020 (अपडेटेड: 23 जून 2020, 11:49 AM IST)
Img The Lallantop
'काय पो छे' फिल्म के एक सीन में सुशांत. सुतपा अपने पति एक्टर इरफ़ान के साथ, कुछ ही दिन पहले इरफ़ान का भी निधन हो गया था. (फोटो- इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

सुशांत सिंह राजपूत. उनके सुसाइड के मामले में लगातार कई अपडेट्स आ रहे हैं. कुछ दिन पहले एक वेबसाइट ने सुशांत के डॉक्टर का बयान छापा था. उस डॉक्टर का, जिनके पास सुशांत डिप्रेशन का ट्रीटमेंट करवा रहे थे. छपी रिपोर्ट में बहुत सारी एक्ट्रेसेस का नाम मेंशन किया गया था. इसके सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उस साइकियाट्रिस्ट के खिलाफ लिखने लगे. लोगों ने कहा कि अगर कोई पेशेंट ट्रीटमेंट के दौरान अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में डॉक्टर को कुछ बताए, तो डॉक्टर का फर्ज़ बनता है कि उस बात को वो किसी को भी न बताए. एक्टर इरफ़ान की पत्नी सुतपा सिकदर ने भी इस मामले को लेकर फेसबुक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने सुशांत के डॉक्टर के बर्ताव की आलोचना की थी.

बाद में पता चला कि डॉक्टर के बयान को लेकर जो खबरें सामने आई थीं, वो सही नहीं थीं. इसका पता चलने पर सुतपा ने भी फेसबुक पर डॉक्टर से माफी मांगी. उन्होंने अपने पुराने पोस्ट में उस गलत खबर का एक लिंक भी डाला था, जिसे उन्होंने डिलीट कर दिया. सुतपा ने लिखा,

'मैंने कुछ पोस्ट किया था और मेरे बहुत से दोस्तों ने मुझे बताया कि थेरेपिस्ट ने कोई भी जानकारी पब्लिक नहीं की है. इसलिए अब मैं उस लिंक को डिलीट कर रही हूं. और मैं डॉक्टर से माफी भी मांगती हूं, लेकिन उन्हें उस पत्रकार पर ज़रूर मुकदमा चलाना चाहिए. मुझे हैरानी हो रही है कि लोग इसके बारे में कुछ बोल क्यों नहीं रहे?'

उन्होंने आगे लिखा,

'मुझे उन सभी लड़कियों के लिए बुरा लग रहा है, जिनके नाम उस आर्टिकल में थे. इमेजिन कीजिए कि इतनी देर में कितनों ने रिया को ट्रोल कर दिया होगा. हम कभी ये नहीं जान सकते कि उन दोंनों के बीच क्या हुआ था, इसलिए सोशल मीडिया पर नैतिकता के आधार पर जजमेंट देना सही नहीं है. आज कोई भी सामने आकर (सोशल मीडिया पर) जज, थेरेपिस्ट, रिलेशनशिप काउंसलर बन जाता है.'

इसके आगे सुतपा ने लिखा,

'दुख से डील करते हुए, कई बार आप दूसरों के लिए बहुत दयालु हो जाते हैं. दर्द से भी कई बार कुछ सीखा जा सकता है. मुझे बहुत दुख हुआ, जब लोग सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर सहानुभूति दिखाते हुए अनैतिक और भावशून्य हो गए थे. हम मृतकों और जीवितों के प्रति सम्मान दिखाना भूल गए थे.'

सुतपा ने आगे गलत रिपोर्ट छापने को लेकर दुख जताया. उन्होंने लिखा,

'साथियों, दुख कई बार प्रोडक्टिव भी होता है. किसी ने मुझे वो आर्टिकल भेजा था और ये कितना गैर-ज़िम्मेदाराना है. मीडिया और कितना नीचे गिर सकता है. मैं फिर से उस डॉक्टर से माफी मांगती हूं.'

14 जून को सुशांत से सुसाइड किया था

सुशांत ने 14 जून को मुंबई के अपने फ्लैट पर सुसाइड कर लिया था. उन्होंने एक्टर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत टीवी सीरियल से की थी, फिर फिल्म में आए. उन्होंने करीब 11 फिल्मों में काम किया था. सुशांत के शव का पोस्टमार्टम मुंबई के कूपर अस्पताल ने किया. रिपोर्ट में पता चला कि उनकी मौत फांसी की वजह से दम घुटने से हुई है. पुलिस इस केस की जांच कर रही है. बॉलीवुड के कई सारे नामी लोगों से पूछताछ हो रही है.


वीडियो देखें: श्रद्धा कपूर ने सुशांत को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट शेयर किया

Advertisement

Advertisement

()