यूपी: खेत में मिला दलित लड़के का शव, फिर कब्र से निकाली गई लड़की की लाश!
यूपी के बस्ती के इस मामले को पुलिस ने शुरुआती जांच में 'ऑनर किलिंग' बताया है. लड़की के घर में ट्रैक्टर चलाने जाता था लड़का.

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बस्ती (Basti) जिले के रुधौली थाना क्षेत्र में एक 18 साल की लड़की का शव उसकी कब्र खोदकर निकाला गया. इससे पहले पुलिस को गांव के खेत में एक दलित लड़के की लाश मिलने की खबर मिली थी. पुलिस मामले की जांच करने पहुंची. गांव के लोगों से मिली सूचना के आधार पर मामला शुरुआती तौर पर ऑनर किलिंग का लगा. फिर एक लड़की की कब्र खोदी गई. कब्र से निकाली गई लड़की की लाश और खेत में मिले दलित लड़के के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. ये मामला बस्ती के ग्राम पड़रिया चेत सिंह का है.
खेत में था दलित लड़के का शवआजतक की मिस्बा उस्मानी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने 19 साल के एक दलित लड़के अंकित का शव बरामद करने के बाद लड़की के शव को निकालने का फैसला किया. बस्ती के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि 27 अगस्त की शाम पुलिस को गन्ने के खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी. उन्होंने बताया,
इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे. मृतक अंकित का शव गन्ने के खेत में पड़ा हुआ था.
एडिशनल SP ने बताया कि इस बारे में मृतक के भाई संदीप ने बताया कि उनका भाई 26 अगस्त की रात गांव के ही इरशाद और इरफान के घर उनके बुलाने पर गया था और वो रात में वापस नहीं आया. पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी इरशाद और इरफान की बहन की मौत हो गई थी, जिसकी लाश को हड़बड़ी में दफना दिया गया था.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बस्ती रेंज के इंस्पेक्टर जनरल राम कृष्ण भारद्वाज ने कहा,
आरोपियों की बहन की मौतहम किसी नतीजे पर पहुंचने के लिए दोनों शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस के मुताबिक ग्रामीणों ने बताया कि संपन्न परिवार की मुस्लिम लड़की दलित लड़के अंकित के साथ रिलेशनशिप में थी. अंकित के भाई संदीप ने बताया कि अंकित लड़की के घर जाया करता था और लड़की के भाई का ट्रैक्टर चलाता था.
अंकित के भाई ने कहा,
शुक्रवार (26 अगस्त) की शाम, हम घर पर खाना खा रहे थे, जब मेरे भाई को लड़की के भाइयों का फोन आया. रात का खाना खाने के बाद मेरा भाई हमें बिना कुछ बताए घर से निकल गया. देर शाम तक जब वो नहीं लौटा तो हम लड़की के घर उसके बारे में पूछने गए. लेकिन लड़की के भाइयों ने हमें बताया कि उन्हें उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है. इसके बाद हमने उसकी तलाश शुरू की. शनिवार (27 अगस्त) तड़के हमें गांव के लोगों से पता चला कि लड़की की मौत हो गई है और परिजन उसे गांव में दफना रहे हैं. हमें शक हुआ और हमने अपने भाई को उनके घर के पास ढूंढना शुरू कर दिया. लड़की के भाई के घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर, हमें मेरे भाई का शव मिला और तुरंत पुलिस को सूचना दी.
बस्ती के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस दीपेंद्र नाथ चौधरी ने कहा,
यह पता चला है कि लड़की की शुक्रवार रात रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई. उसी रात उसके भाइयों ने युवक को बुलाया, जैसा कि उसके परिवार ने आरोप लगाया था. FIR दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है.
पुलिस ने कहा कि उन्हें दलित युवक के गले में चोट के निशान मिले हैं. पुलिस मृतक के सेलफोन को भी खंगाल रही है, जो उस खेत के पास पाया गया जहां से उसका शव बरामद किया गया था. पुलिस ने लड़की के दो भाइयों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. इस बीच गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
वीडियो- तेलंगाना: मुस्लिम लड़के के साथ चली गई थी लड़की, पिता के घर मिला शव; पुलिस को ऑनर किलिंग का शक

