साक्षी जैसा एक और मर्डर, पिता ने 25 बार चाकू घोंपकर बेटी की हत्या कर दी, CCTV वीडियो वायरल
पत्नी को भी घायल कर दिया.

दिल्ली के साक्षी मर्डर केस (Sakshi Murder Case) जैसा एक और मामला गुजरात के सूरत (Surat Murder) से सामने आया है. मामूली घरेलू विवाद को लेकर एक शख्स ने अपनी 19 साल की बेटी पर चाकू से कई बार वार किए. लड़की की मौके पर ही मौत हो गई. आरोप है कि शख्स ने अपनी पत्नी पर भी चाकू से हमला किया. घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है. आरोपी पिता पुलिस हिरासत में है. ये वारदात साक्षी के मर्डर से ठीक दस दिन पहले की है.
आजतक से जुड़े संजय सिंह राठौर की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला जिले के कडोदरा इलाके का है. 18 मई की रात लगभग साढ़े 11 बजे परिवार के बीच मामूली सी बात पर झगड़ा हो गया था. आरोपी का नाम रामानुज है. CCTV फुटेज में दिख रहा है कि आरोपी ने पहले अपनी पत्नी पर चाकू से हमला किया. बेटी चंदाकुमारी बीच बचाव के लिए आई तो रामानुज ने उसपर भी चाकू से हमला कर दिया. एक-एक कर 25 बार चाकू गोदा.
कडोदरा थाने के इंस्पेक्टर RS पटेल ने इस पूरे घटनाक्रम के संदर्भ में आजतक को बताया,
18 मई की रात को करीब 11 बजे कडोदरा इलाके की सत्य नगर सोसाइटी में किराए पर रह रहे बिहार के एक परिवार में झगड़ा हुआ था. रामानुज की पत्नी रेखा अपने बच्चों के साथ छत पर सोना चाहती थी. आरोपी रामानुज ने जिद करते हुए कहा कि उन्हें कमरे में सोना चाहिए. तभी उसने चाकू से पत्नी और बेटी पर हमला किया.
इंस्पेक्टर ने बताया कि रामनुज की पत्नी के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. रेखा की शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 302 (हत्या), 326, 324 (खतरनाक हथियारों से जानबूझकर चोट पहुंचाना), 506 (2) और 504 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी को 19 मई की रात को उसके एक दोस्त के घर से अरेस्ट किया था.
वीडियो: दिल्ली साक्षी मर्डर केस पर अरविंद केजरीवाल ने वकील की बात कर बड़ा ऐलान किया

.webp?width=60)

