The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Supreme Court grants Interim bail to Congress leader Pawan Khera

पवन खेड़ा गिरफ्तारी मामले में सुप्रीम कोर्ट में क्या-क्या हुआ, एक क्लिक में सब जान लीजिए

असम पुलिस की गिरफ्तारी के बाद पवन खेड़ा को अंतरिम जमानत मिल गई है.

Advertisement
pic
23 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 23 फ़रवरी 2023, 05:22 PM IST)
Supreme Court grants Interim bail to Congress leader Pawan Khera
पवन खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली (फोटो-इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा (Pawan Khera) को असम पुलिस ने गुरुवार, 23 फरवरी को दिल्ली हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया था. इसके बाद कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) का दरवाजा खटखटाया. कुछ ही घंटों में खेड़ा को अंतरिम जमानत मिल गई. पवन खेड़ा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) पर टिप्पणी के मामले में अरेस्ट किया गया था. इस मामले में वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी ने पवन खेड़ा का पक्ष रखा.

कोर्ट में क्या-क्या हुआ?

-कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट से खेड़ा के खिलाफ दर्ज FIR को रद्द करने की मांग भी की थी. कोर्ट ने FIR रद्द करने का आदेश देने से इनकार कर दिया.

-अभिषेक सिंघवी ने लखनऊ, वाराणसी और असम में दर्ज FIR पर एक जगह सुनवाई की मांग की. इसपर कोर्ट ने खेड़ा के खिलाफ दर्ज तीनों FIR को एक जगह क्लब करने का आदेश दिया है.

-अभिषेक सिंघवी ने सुप्रीम कोर्ट से कहा,

खेड़ा ने उसी समय माफी मांग ली थी. ये सिर्फ जबान फिसलने का मामला था.

सिंघवी ने गिरफ्तारी पर रोक की मांग की.

-सुनवाई के दौरान CJI ने पूछा कि पवन खेड़ा कौन हैं. इसपर सिंघवी ने बताया कि वो कांग्रेस के प्रवक्ता हैं और उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है.

-असम पुलिस की तरफ से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ASG ऐश्वर्या भाटी ने खेड़ा की याचिका का विरोध किया और जजों की बेंच को खेड़ा का वीडियो दिखाया. इस पर कोर्ट ने पूछा कि 153A और 295A के तहत मामला कैसे बनता है?

-ASG ऐश्वर्या भाटी ने जवाब में कहा-

पूरे प्रेस कॉन्फ्रेंस को देखना चाहिए. ये एक बहुत ही अपमानजनक तरीका है. बहुत ही सोचा समझा बयान है. ये ऐसा बयान है जो न केवल पीएम का अपमान करता है बल्कि इसमें असंतोष और देशद्रोह की भी बात है. 

-CJI ने सिंघवी से कहा कि हमने आपको प्रोटेक्ट किया है लेकिन आप मामले पर गंभीर चर्चा करें. इस पर सिंघवी बोले कि मैं बयान का समर्थन नहीं करता हूं.

- सुप्रीम कोर्ट ने खेड़ा को उनकी टिप्पणियों को लेकर चेतावनी भी दी.

-खेड़ा को 28 फरवरी तक अंतरिम जमानत मिली है. एक मार्च को सुप्रीम कोर्ट फिर मामले पर सुनवाई करेगा.

पवन खेड़ा ने क्या कहा था?

पवन खेड़ा पिछले दिनों अडानी के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को नरेंद्र 'गौतम दास' मोदी के नाम से संबोधित किया था. पवन खेड़ा के इस बयान पर काफी बवाल मचा. बीजेपी लगातार इस मामले में कांग्रेस पर निशाना साध रही है. मामले में यूपी के लखनऊ, वाराणसी और असम के दीमा हसाओ में खेड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. तभी असम पुलिस ने पवन खेड़ा को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया.

कांग्रेस नेताओं ने खेड़ा की गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया. तमाम नेता धरने पर भी बैठ गए. कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा कि ये तानाशाही रवैया है.

वीडियो: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मोदी का फुल फॉर्म बताया: मसूद, ओसामा, दाऊद और आईएस

Advertisement

Advertisement

()