कांवड़ियों को कुत्तों के झुंड ने काट लिया, कुत्ता काटने वाली वैक्सीन कम पड़ गई!
50 कांवड़िए हुए शिकार, कुत्ते थे 8 से 10

बिहार (Bihar) के मुंगेर (Munger) में कुत्तों के झुंड ने 50 से अधिक कांवड़ियों (Kanwariya) को काट लिया. झुंड में करीब 10 कुत्ते शामिल थे. घायल कांवड़ियों को पास के अस्पताल में ले जाया गया. घायलों में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं सब शामिल हैं. कुत्तों (Stray Dogs) का हमला तारापुर धर्मराय के पास हुआ. पूरा घटनाक्रम एक अगस्त की सुबह का है.
इंडिया टुडे से जुड़े गोविंद कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग समूह में कांवड़िए पैदल झारखंड के देवघर जा रहे थे. कुत्तों के झुंड ने सुबह पांच बजे से आठ बजे तक कांवड़ियों के इन समूहों पर हमला किया. रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में 50 से 60 कांवड़िए घायल हो गए. कुछ स्थानीय दुकानदारों और लोगों के भी घायल होने की खबर है. सभी घायलों को तारापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ये भी पढ़ें- लखनऊ पिटबुल हमले के बाद डॉग लवर्स इन्हें पालने के ये नियम जान लें
इंडिया टुडे से जुड़े गोविंद कुमार ने हमले में घायल हुए कई पीड़ितों से बात की. एक पीड़ित ने बताया कि उसने अपने समूह के साथ एक अगस्त की सुबह तारापुर से देवघर की पैदल यात्रा शुरू की थी. उन्होंने कहा,
यात्रा शुरू ही की थी कि कुत्तों के एक झुंड ने समूह पर हमला कर दिया. एक कुत्ते ने मेरे पैर पर काट लिया.
पीड़ित ने बताया कि बाद में एक एंबुलेंस के जरिए पीड़ितों को पास के अस्पताल में ले जाया गया.
Vaccine कम पड़ गईं!एक पीड़ित ने प्रशासन पर आरोप लगाया. उसने कहा कि प्रशासन ने इन आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए कुछ नहीं किया. एक और पीड़ित ने बताया कि हमला करने वाले कुत्ते झुंड में आए थे और वो पागल लग रहे थे. पीड़ित ने कहा कि अगर इन कुत्तों को नियंत्रित नहीं किया गया, तो ये ना जाने कितने और लोगों को घायल कर देंगे.
इधर तारापुर अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि कुत्तों के एक झुंड ने कांवड़ियों को घायल कर दिया है. शुरुआत में अस्पताल में 5 से 7 घायलों को लाया गया था. अस्पताल में मौजूद पांच से सात टीके उन्हें लगा दिए गए थे. बीएन सिंह ने आगे बताया कि बाद में घायलों की संख्या बढ़ती गई. सिंह ने बताया कि करीब 50 से 60 घायलों के अस्पताल लाया गया.
बीएन सिंह ने आगे बताया कि इतनी अधिक संख्या में घायलों को देखते हुए दूसरी जगहों से वैक्सीन मंगाई गई. उन्होंने जानकारी दी कि कुछ कांवड़िए ज्यादा घायल हो गए. बाकी घायलों को इलाज के बाद रवाना कर दिया गया. बीएन सिंह ने ये भी बताया अभी कुछ और लोगों के घायल होने की आशंका है.
वीडियो- किन देशों में पिटबुल पालने पर बैन, भारत में क्या स्थिति?

