The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Sooryavanshi trailer starring Akshay Kumar, Katrina Kaif, Ajay Devgn, Ranveer Singh and Jackie Shroff directed by Rohit Shetty

'सूर्यवंशी' ट्रेलर: अक्षय कुमार, अजय देवगन, रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी का फोर इन वन धमाका

इस फिल्म में लॉजिक भले न हो लेकिन इसे देखते वक्त आप ताली और सीटी बजाते नहीं थकेंगे.

Advertisement
pic
2 मार्च 2020 (अपडेटेड: 2 मार्च 2020, 12:00 PM IST)
Img The Lallantop
फिल्म के एक सीन में अजय देवगन, अक्षय कुमार, कटरीना कैफ और रणवीर सिंह.
Quick AI Highlights
Click here to view more

An eye for an eye makes the whole world blind.

इसी कोट के साथ अनुराग कश्यप की फिल्म 'ब्लैक फ्राइडे' शुरू होती है. और यही कथन अक्षय कुमार की अगली फिल्म 'सूर्यवंशी' की टैगलाइन टाइप है. हालांकि इसी ट्रेलर में सूर्यवंशी का किरदार ये भी कहता है- 'इस बार आएंगे न, तो देख लेंगे सा* को'. 'सूर्यवंशी' यानी रोहित शेट्टी की 'कॉप यूनिवर्स' की नई किस्त, जिसका टीज़र 'सिंबा' में ही मिल गया था. अब उसका ट्रेलर आया है. अब जब शुरुआत ही 'आंख' से हुई है, तो बात करते हैं कि इस ट्रेलर में दिख क्या क्या रहा है.
कहानी क्या है?
मुंबई में पीछे 4-5 आतंकी हमले हो चुके हैं. लेकिन सबसे बड़ा हमला होना बाकी है. कैसे पता? वैसे तो हिंदी फिल्मों में क्यों, कैसे, जैसे सवाल पूछने पर पाबंदी है. लेकिन यहां फिल्म बताती है कि 1993 ब्लास्ट के दौरान इंडिया में 1 टन यानी 1000 किलो आरडीएक्स आया था. 400 किलो इस्तेमाल हुआ और 600 किलो अब भी मुंबई में छुपाकर रखा हुआ है. मतलब हमला तो पक्का है. अब बात कि उसे रोकेंगे कैसे? यहां सीन में आता है अपना वीर सूर्यवंशी. अरे वीर वाला विशेषण मैंने नहीं जोड़ा, ये फिल्म के साथ पैकेज में आया है. बहरहाल, 'हॉलीडे' की तरह यहां भी इस हमले को स्लीपर सेल अंजाम देने वाले हैं. इनमें से एक को सूर्यवंशी ने पकड़ लिया है. लेकिन हमले को रोकने के लिए उसके जैसे 40 और लोग ढूंढने हैं, जो इंडिया  में ही कहीं छुपे हैं. लेकिन इस सब के बीच सूर्यवंशी की बच्ची को कुछ हो जाता है. मामला पर्सनल हो जाता है. अब सूर्यवंशी अपने देश और अपनी फैमिली के लड़ता है. इस लड़ाई में उसके साथ 'सिंघम' और 'सिंबा' भी आ जाते हैं.
एटीएस (एंटी टेररिज़्म स्कॉड) चीफ वीर सूर्यवंशी रिपोर्टिंग.
अपना हीरो. एटीएस (एंटी टेररिज़्म स्कॉड) चीफ वीर सूर्यवंशी रिपोर्टिंग. आज कल ऐसे आती है पुलिस.

ट्रेलर कैसा है?
फिल्म में रणवीर सिंह का एक डायलॉग है- 'इधर अलग लेवल का धांधली चल रहा है.' इस ट्रेलर को देखने के बाद साइंस के तमाम जानकारों का भी यही मानना होगा. डायरेक्टर साहब की पिछली फिल्मों की तरह इसमें लोग स्कॉर्पियो लेकर नहीं घूम रहे. हेलिकॉप्टर है. और उस पर अक्षय लटके हुए हैं. अब कितना नया चाहिए आपको! डायलॉग्स ऐसे कि आप भीतर तक हिल जाएं. 'तू जिस गोली से मरेगा, उस पर भी मेड इन इंडिया लिखा होगा'. पीएम के साथ इंटरव्यू के बाद अक्षय कुमार ने सरकारी प्रोग्राम 'मेक इन इंडिया' भी अपनी फिल्म में प्रमोट कर दिया. जाते-जाते इंडिया की सेक्यूलर फितरत को भी हाइलाइट कर दिया जाता है. सारे बॉक्स टिक हो गए. अरे हां मैं तो भूल ही गया. फिल्म में हीरोइन भी है. नाचती और सवा-चार मिनट के ट्रेलर में एक लाइन बोलती भी सुनाई देती है. और फिर फाइनली वो मोमेंट आता है, जिसका ट्रेलर को देखते वक्त सबसे ज़्यादा इंतज़ार रहता है- ट्रेलर खत्म हो जाता है. लेकिन फिल्म में तीनों सुपरस्टार्स को एक साथ देखते हुए फील तो आती है. मतलब इस फिल्म में लॉजिक भले न हो लेकिन ताली और सीटी वाले मोमेंट्स की भरमार है.
अपनी हीरोइन, जिसका नाम ट्रेलर में नहीं बताया गया. वो बस इसलिए सीन में आती है क्योंकि अपना हीरो शादीशुदा है. और उसका बच्चा है. अब जब बच्चा है, तो मां भी होगी.
अपनी हीरोइन, जिसका नाम ट्रेलर में नहीं बताया गया. वो बस इसलिए सीन में आती है क्योंकि अपना हीरो शादीशुदा है. और उसका बच्चा है. अब जब बच्चा है, तो मां भी होगी.

कौन-कौन काम कर रहा है?
जिस फिल्म में अक्षय कुमार काम कर रहे हों, उसमें 'वीर' का खिताब किसी और को कैसे दिया जा सकता है. तो अपने वीर सूर्यवंशी बने हैं अक्षय कुमार. फिल्म में अक्षय के अपोज़िट कटरीना कैफ ने काम किया है. 'तीस मार खां' के 9 साल बाद दोनों साथ आए हैं. फिल्म में कटरीना एक बहुत ज़रूरी किरदार निभा रही हैं. अरे उन्हीं के ऊपर तो 'टिप टिप बरसा पानी' फिल्माया गया है. अगर ये कॉप यूनिवर्स का असेंबल है, तो विलन लोग भी पीछे नहीं हैं. 'गुलाल' वाले 'रण सा' अभिमन्यु सिंह से लेकर 'बैडमैन' गुलशन ग्रोवर, 'थंगबली' निकितन धीर और 'जग्गू दादा' यानी जैकी श्रॉफ भी इस फिल्म का हिस्सा हैं. कई फिल्मों में छोटे-बड़े रोल कर चुके विवान भटेना अक्षय के साथी पुलिस ऑफिसर बने हैं. लेकिन सबसे धाकड़ चीज़ है फिल्म में 'सिंघम' अजय देवगन और 'सिंबा' रणवीर सिंहा का एक्सटेंडेड कैमियो.
 फिल्म के तीनों विलन पहले वाले भाई साहब का नाम ढूंढकर बताएंगे, बीच में हैं अभिमन्यु सिंह और सबसे दाहिनी ओर निकितन धीर.
फिल्म के तीनों विलन पहले वाले भाई साहब का नाम ढूंढकर बताएंगे, बीच में हैं अभिमन्यु सिंह और सबसे दाहिनी ओर निकितन धीर.

किसने बनाई है?
फिल्म को डायरेक्ट किया रोहित शेट्टी ने. दिल्ली में पॉल्यूशन की वजह से जितनी धूल नहीं उड़ती, उससे ज़्यादा तो ये अपनी फिल्म में गाड़ियां उड़ा देते हैं. अगर किसी दिन डायरेक्टर्स के स्टारडम की बात छिड़ी, तो ये अपने समकालीन राजकुमार हीरानी को कड़ी टक्कर देंगे. इस आदमी की पिछली 10 फिल्में सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर के बीच में रही हैं. हर सुपरस्टार इनके साथ काम करना चाहता है. अजय, शाहरुख, अक्षय कर चुके हैं. और सलमान भी अपना छोटा भाई बता चुके हैं. इशारा समझ रहे हैं न! रोहित की आखिरी फिल्म थी रणवीर सिंह के साथ 'सिंबा' और उसके पहले उन्होंने 'गोलमाल' सीरीज़ की चौथी फिल्म बनाई थी. दोनों ही फिल्मों ने टिकट खिड़की पर डबल सेंचुरी मार दी. अब सारी नज़रें 'सूर्यवंशी' पर हैं.
और फाइनली वो मोमेंट, जिसे देखने आप थिएटर्स में जाएंगे. कॉप यूनिवर्स असेंबल. सिंबा, सिंघम और सूर्यवंशी.
और फाइनली वो मोमेंट, जिसे देखने आप थिएटर्स में जाएंगे. कॉप यूनिवर्स असेंबल. सिंबा, सिंघम और सूर्यवंशी.

कब आ रही है?
'सूर्यवंशी' जब अनाउंस हुई, तब इसकी रिलीज़ डेट बताई गई थी ईद 2020. लेकिन ईद तो भाई की होती है. उसी तारीख पर सलमान-आलिया स्टारर 'इंशाल्लाह' अनाउंस हो गई. फिर सलमान खान ने रोहित शेट्टी से बात की. इस बातचीत का नतीजा ये रहा कि 'सूर्यवंशी' ईद से खिसककर 27 मार्च, 2020 पर पहुंच गई. 'सूर्यवंशी' की नई रिलीज़ डेट खुद सलमान ने अनाउंस की. रोहित शेट्टी के साथ एक फोटो डालकर, उन्हें अपना छोटा भाई बताते हुए. लेकिन अब जो फिल्म का ट्रेलर आया है उसमें ये बताया जा रहा है कि अक्षय की ये फिल्म 24 मार्च को थिएटर्स में लगेगी.
अगर अब तक नहीं देखा, तो 'सूर्यवंशी' का ट्रेलर यहां देखिए:



वीडियो देखें: फिल्म '83' में क्रिकेटर बने एक्टर्स को पहचानना मुश्किल है

Advertisement

Advertisement

()