The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Sonipat mosque attack village panchayat criticized the incident 10 arrested for attack

हरियाणा के जिस गांव की मस्जिद पर हमला हुआ, वहां की पंचायत ने पूरी साजिश की हवा निकाल दी

घटना के आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने क्या किया?

Advertisement
pic
10 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 10 अप्रैल 2023, 11:58 PM IST)
attack on Sonipat mosque
सांदल कलां गांव में मस्जिद पर हमले के अगले दिन पंचायत बुलाई गई. (फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

हरियाणा के सोनीपत स्थित एक गांव में मस्जिद पर हुए हमले के मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. मामला जिले के सांदल कलां गांव का है. गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों को सोमवार, 10 अप्रैल को कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने तीन युवकों को एक दिन की पुलिस रिमांड पर और बाकी सात आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा है.

गांव में पंचायत बुलाई गई

आजतक के सुशांत मेहरा की रिपोर्ट के मुताबिक घटना के बाद सांदल कलां गांव में पंचायत बुलाई गई. पंचायत में फैसला लिया गया कि पीड़ित पक्ष से मिलकर बातचीत की जाएगी. पंचायत ने पुलिस प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है. कहा गया कि असामाजिक तत्वों ने गांव के भाईचारे को बिगाड़ने की कोशिश की है.

रिपोर्ट के मुताबिक पंचायत में शामिल हुए लोगों ने कहा,

"जिन लोगों के साथ ये घटना हुई वो हमारे गांव के लोग हैं. असामाजिक तत्वों ने हमारे भाईचारे को खराब करने की कोशिश है. गांव वाले इसके खिलाफ हैं. पुलिस प्रशासन से हम चाहेंगे कि उचित कार्रवाई की जाए. जिन लोगों के साथ ये हुआ है, हम उनसे बातचीत करके मसले को हल करेंगे."

सांदल कलां गांव के मुस्लिम समुदाय ने नमाज अदा करने के लिए एक छोटी सी मस्जिद बनाई है. आजतक से ही जुड़े पवन राठी की रिपोर्ट के मुताबिक आरोप है कि यहां 15 से 20 हथियारबंद लोगों ने रविवार, 9 अप्रैल की रात नमाज़ अदा कर रहे लोगों पर हमला किया. उन्होंने मस्जिद में तोड़फोड़ भी की.

आरोपियों की कोर्ट में पेशी

सांदल कलां मस्जिद में इमाम मोहम्मद कौशर ने आजतक को बताया,

"हमारा किसी से कोई झगड़ा नहीं हुआ. रमजान चल रहा है. ऐसे में हम लोग नमाज अदा कर रहे थे. तभी गांव के कुछ युवक मस्जिद में घुस आए और उन्होंने हम पर हमला कर दिया. इस हमले के दौरान उन्होंने महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा. हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं."

इस मामले में सोनीपत के रहने वाले पुनीत, विपुल, हरबीर, बच्ची, यमन, ललित, सुमित और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था. सोमवार, 10 अप्रैल को इस मामले में आरोपी बताए जा रहे इन युवकों को सोनीपत के गन्नौर कोर्ट में पेश किया गया. इनमें से 3 युवकों पुनीत, हरबीर और सुमित को पुलिस ने एक दिन की रिमांड पर लिया है, जबकि कोर्ट ने बाकी 7 युवकों को न्यायिक हिरासत में भेजा है. 

सोनीपत पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. अब वहां हालात शांतिपूर्ण हैं. पुलिस ने कहा कि शरारती तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

वीडियो: हरियाणा में मस्जिद में घुसकर की पिटाई, आरोपियों के नाम पता चल गए

Advertisement

Advertisement

()