कीमती सूट, पुरानी बेल्ट ने पकड़ाया ड्रग्स स्मगलर
मुंबई एयरपोर्ट पर एक आदमी बहुत अच्छे कपड़ों में सजा धजा टहिल रहा था. लेकिन बेल्ट थी घिसी. उसी से शक हो गया.
Advertisement

फोटो - thelallantop
मुंबई एयरपोर्ट पर CISF ने एक ड्रग्स स्मगलर पकड़ा है. वो भी रंगे हाथ. सोमवार की सुबह सात बजे थे. मुंबई से कोलकाता जाने वाली फ्लाइट थी 6E 319. उसी फ्लाइट से घाना का रहने वाला अकूफो नाना सफर करने वाला था. वहीं CISF ने उसे धर लिया.
दरअसल ऐसा हुआ कि ये आदमी बहुत लकदक कपड़े पहिनिस था. महंगे वाले. लेकिन बेल्ट टुच्ची लगाए था. एकदम घिसी पुरानी. CISF के ऑफिसर कपिल देव की नजर पड़ी उस पर. बेल्ट फटा हुआ नजर आ रहा था. कपिल ने उसे बुलाया. स्कैनिंग एरिया में घुसने को कहा.
अकूफो आया. उसकी बेल्ट निकाल कर देखी तो उसमें चेन लगी थी. चेन खोल कर देखा तो उसमें कोकीन रखी थी. एक नहीं पांच पैकेट. मशीन से जांचा गया तो कन्फर्म हो गया कि ये साहब बेल्ट में छिपा कर कोकीन तस्करी कर रहे थे.
बहुत उम्दा क्वालिटी का 25 ग्राम कोकीन जब्त कर लिया गया. इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है. अकूफो को हिरासत में लेकर भेज दिया थाने. शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि उसके पास ड्रग्स दिल्ली से आई थी. कोलकाता ले जाना था.

.webp?width=60)

