The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Sidhu Moosewala murder case accused fight in jail two dead one injured

मूसेवाला की हत्या के आरोपी जेल में लड़े, दो की मौत एक घायल

29 मई, 2022 को सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी.

Advertisement
pic
26 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 26 फ़रवरी 2023, 07:06 PM IST)
Sidhu Moosewala murder case
बाएं से दाएं: सिद्धू मूसेवाला, मनदीप तूफान, केशव (साभार-आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस (Sidhu Moosewala Murder Case) के आरोपियों के बीच जेल में खूनी झड़प हो गई. 26 फरवरी को तरनतारन में बनी गोइंदवाल साहिब जेल में गैंगस्टर मनदीप तूफान और गैंगस्टर मनमोहन सिंह की हत्या कर दी गई. जबकि बठिंडा का रहने वाला तीसरा गैंगस्टर केशव गंभीर रुप से घायल हो गया. उसे अमृतसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 

आजतक की खबर के मुताबिक जेल में लड़ाई करीब 3 बजे शुरु हुई.  वहीं डीएसपी जसपाल सिंह ढिल्लों ने बताया, 

"पंजाब गोइंदवाल साहिब जेल में बदमाशों के बीच मारपीट हुई, जिसमें रइया के रहने वाले मनदीप सिंह तूफान और बुढलाडा के रहने वाले मनमोहन सिंह मोहना की मौत हो गई.  बाकी एक आरोपी घायल है" 

केशव की हालत गंभीर होने पर उसे भारी सुरक्षा के बीच अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल रेफर कर दिया गया है. वहीं एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. 

वहीं झड़प में मारे गए मनदीप तूफान को मूसेवाला मर्डर केस में पुलिस ने गैंगस्टर मणि रइया के साथ गिरफ्तार किया था, उसे पंजाब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने पकड़ा था. गैंगस्टर मनदीप तूफान जग्गू भगवानपुरिया गैंग का शार्प शूटर था. जग्गू भगवानपुरिया से पूछताछ के बाद मूसेवाला हत्याकांड में इनका नाम सामने आया था.  वहीं गैंगस्टर मनमोहन सिंह और केशव भी मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी हैं. 

29 मई, 2022 को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव के पास पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी. कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बरार ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी. गोल्डी बरार तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी है. 

गोल्डी बरार का कहना था कि दोस्त विक्की मिद्दूखेड़ा की मौत का बदला लेने के लिए मूसेवाला की हत्या को अंजाम दिया था. मिद्दूखेड़ा की 2021 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. लॉरेंस गैंग का मानना था कि विक्की मिद्दूखेड़ा के हत्यारों को सिद्धू मूसेवाला ने ही पनाह दी थी. 

इस केस में पुलिस ने कई आरोपियों को पकड़ा गया है. तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया, मनमोहन मोहना, दीपक टीनू, सन्दीप केकड़ा, अंकित सिरसा, प्रियव्रत फौजी, सचिन भिवानी, केशव, कशिश, एनकाउंटर में मारे गए मनप्रीत मानु, जगरूप रूपा, फरार शुटर्स दीपक मुंडी, मनप्रीत भाऊ के साथ ही जेलों में बन्द अन्य आरोपियों को भी चार्जशीट में रखा है. 

पुलिस ने मामल में कई लोगों को गवाह भी बनाया है, जिसमें जांच से जुड़े पुलिस अधिकारी, सिद्धू मूसेवाला का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर, मूसेवाला के साथ घटना के वक्त उसकी थार में सवार चश्मदीद भी हैं.

वीडियो: सिद्धू मूसेवालाा और खालिस्तान पर क्या बोले सीएम भगवंत मान?

Advertisement

Advertisement

()