वर्ल्ड कप से पहले रोहित-धवन के इंजन ने धुआं देना बंद कर दिया है
क्योंकि ऑस्ट्रेलिया का मोहाली में धुआं निकाल दिया है.
Advertisement

दोनों ने देखते ही देखते 193 रनों की पार्टनरशिप बना ली.
Quick AI Highlights
Click here to view more
शिखर धवन और रोहित शर्मा ने मोहाली के मैदान पर दिखा दिया है कि उनके बल्लों में कितनी जान है. टॉस जीतकर कप्तान कोहली ने बैटिंग करने का फैसला किया और इन दोनों ओपनरों ने वही किया जिसकी इनके लंबे वक्त से उम्मीद की जा रही थी. रोहित और धवन ने 193 रनों की पार्टनरशिप की. दोनों 31 ओवरों तक खूंटा गाड़ कर टिके रहे. रोहित शर्मा ने 92 गेंदों पर 95 रन बनाए. इसी के साथ रोहित शर्मा ने इंडिया में खेलते हुए अपने 3000 वनडे रन पूरे कर लिए हैं. रोहित ने ये 57 वनडे पारियों में किया है जो दुनिया में सिर्फ साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला ने किया है. अमला ने भी 57 पारियों में ही इतने रन अपने घरेलू मैदानों पर बनाए हैं. इस मामले में कोहली 63 पारियों के साथ दूसरे नंबर पर हैं. गांगुली और मार्टिन गुप्टिल 69 पारियों के साथ इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं.
मगर यहां रोहित के साथ धवन के बल्ले की धमक भी वापिस आ गई. बंदे ने 97 गेंदों पर अपना शतक पूरा कर लिया जिसकी इनसे लंबे वक्त से उम्मीद थी. ये धवन का 16वां वनडे शतक है. सितंबर 2018 के बाद से पहला. धवन ने अपनी इस पारी में शतक तक पहुंचने में 12 चौके और एक छक्का मारा. शुरू से धवन अच्छे टच में दिखे और आज के इस मैच में कोई गलती भी नहीं की. धवन ने 115 गेंदों पर 143 रन मारे और पारी में कुल 18 चौके और तीन छक्के मारकर वो पवेलियन लौटे. मोहाली के मैदान पर धवन उस टच में दिखे कि जहां भी शॉट खेलें गेंद गैप में ही जा रही थी. मगर खास बात ये है कि इंडिया के लिए 100+ रनों की पार्टनरशिप के मामले में रोहित शर्मा दुनिया में तीसरे नंबर पर आ गए हैं. दोनों के बीच 15 बार 100 से ज्यादा रनों की साझेदारियां हो चुकी हैं. पहले नंबर पर 21 शतकीय साझेदारियों के साथ सचिन और गांगुली की जोड़ी है. वहीं दूसरे नंबर पर इस मामले में गिलक्रिस्ट और हेडन 16 साझेदारियों के साथ हैं.
धवन ने अपना आखिरी शतक 23 सितंबर 2018 को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में मारा था. तब 100 गेंद में 114 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी. मगर तब से धवन का बल्ला चल नहीं रहा था. इस सीरीज के पहले तीन मैचों में धवन ने 0, 21 और 1 रनों की पारियां खेलीं थी. यानी तीन मैचों में कुल 22 रन. न्यूजीलैंड दौरे पर भी धवन ने 6,13 और 28 रनों की पारियां आखिरी तीन मैचों में खेलीं थी. बातें उठने लगीं थी कि क्या शिखर धवन की ये फॉर्म उन्हें इंग्लैंड में होने वाले वर्ल्ड कप तक ले जाएंगी. मगर इस शतक के साथ इस खिलाड़ी ने साफ कर दिया है कि अभी बल्ले में भरपूर दम है.Celebrations, Gabbar style 😎😎#INDvAUS pic.twitter.com/v0Lk8zsIb1
— BCCI (@BCCI) March 10, 2019

