समुद्र में सर्फिंग करते युवक को शार्क ने दौड़ाया, दोस्त की चीखें निकल गईं
बोइस और टाकेडा दोनों ने पीछे मुड़कर देखा. एक बहुत बड़ी चीज दिखाई दी. करीब 13 फीट लंबी. दोनों को समझ आ गया कि ये तो शार्क मछली है. बहुत बड़ी और खौफनाक शार्क, जो रफ्तार से भाग रहे टाकेडा का पीछा कर रही थी.

कभी सोचा है कि आप समुद्र में सर्फिंग करने निकलें और आपको शार्क दौड़ा ले? सिहरा देने वाली कल्पना है न? लेकिन अमेरिका में एकदम यही हुआ है. दो दोस्त 32 किमी की सर्फिंग करने के लिए समुद्र में उतरे थे. फोन पर लहरों की अपनी सवारी रिकॉर्ड भी कर रहे थे. तभी उनमें से एक के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसके बारे में उसने कभी नहीं सोचा होगा. और जिसके बारे में आगे कभी भी वह सोचेंगे तो एक रोमांचक खौफ उनके चेहरे पर अपने आप आ जाएगा. समुद्र में सर्फिंग करते हुए उन्हें एक 13 फीट लंबी शार्क ने दौड़ा लिया. 5 मिनट तक उनकी सांसें अटकी रहीं. बाद में शार्क का शायद मूड बदल गया और उनकी जान बच पाई.
समुद्र में सर्फिंग करते युवक के पीछे पड़ी शार्कद गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, रॉन टाकेडा और टैविस बोइस नाम के दो दोस्त कुछ तूफानी करने के मूड में थे. उन्हें समुद्र के लहरों की सवारी यानी सी-सर्फिंग करनी थी. सर्फिंग ऐसा वॉटर स्पोर्ट है, जिसमें एक फॉइल बोर्ड पर खड़े होकर लहरों पर चलते हैं. या दौड़ते हैं. अपनी दौड़ शुरू करने से पहले दोनों दोस्त हवा के तेज होने का इंतजार कर रहे थे. इसके बाद उन्हें समुद्र में तकरीबन 32 किमी की अपनी राइड पर निकलना था. हवा जब उनके हिसाब की हुई तब दोनों कैलिफोर्निया के सैंटा बारबरा बीच से अपने-अपने फॉइल बोर्ड पर सवार होकर निकल पड़े.
बोइस के पास कैमरा भी था. सेल्फी स्टिक पर कैमरा लगाकर वह इस रोमांचक करतब को कैद भी करते जा रहे थे. जब वे पानी में काफी आगे बढ़ आए, तभी टाकेडा को अपने पीछे कुछ हलचल सुनाई दी. उन्हें लगा कि उनके पीछे कुछ है, जो तेजी से उनकी तरफ आ रहा है.
क्या है ये? डॉल्फिन? टाकेडा ने बोइस से पूछा. बोइस पहले तो हैरान हुए क्योंकि टाकेडा तो सर्फिंग एक्सपर्ट है. एक एक्सपीरियन्स्ड सर्फर होने के नाते उसे तुरंत पहचान लेना चाहिए कि वो क्या है.
13 फीट लंबी शार्क ने किया पीछाबोइस और टाकेडा दोनों ने पीछे मुड़कर देखा. एक बहुत बड़ी चीज दिखाई दी. करीब 13 फीट लंबी. दोनों को समझ आ गया कि ये तो शार्क मछली है. बहुत बड़ी और खौफनाक शार्क, जो 10 मील प्रति घंटे की रफ्तार से भाग रहे टाकेडा का पीछा कर रही थी. शार्क उनकी हर हरकत पर नजर रखे थी. ये देखकर दोनों की सांसें हलक में अटक गईं. समुद्र के बीच में शार्क उनके पीछे लगी है. सर्फिंग करते हुए दोनों का पहले भी शार्क से सामना हो चुका था, लेकिन इस तरह पीछा करने वाला मामला पहले कभी नहीं देखा था. शार्क करीब 5 मिनट तक टाकेडा को दौड़ाते रही.
इस दौरान टाकेडा का साथ दिया दोस्त बोइस ने. बोइस शार्क से लड़े नहीं. उन्होंने सिर्फ टाकेडा से भागते रहने के लिए कहा. उनके कानों में दोस्त बोइस के दो ही शब्द पड़े- ‘गिरना नहीं.’ इसी को बचने का मंत्र बनाकर टाकेडा लगातार भागते रहे. लेकिन शार्क भी हार मानने वाली नहीं थी. वो उनके पीछे लगी रही. बोइस को तो भगवान याद आने लगे. उन्होंने देखा कि शार्क तो रुक ही नहीं रही. अभी भी पीछा कर रही है. अब दोनों को घबराहट होनी शुरू हुई, क्योंकि हालात समझ से बाहर होते जा रहे थे.
शार्क का मन बदला5 मिनट तक टाकेडा को दौड़ाने के बाद शायद शार्क का मन बदल गया. उसने अपनी दिशा बदल ली और टाकेडा का पीछा करना बंद कर दिया. तब जाकर दोनों दोस्तों ने राहत की सांस ली.
बोइस ने इस पूरी घटना का जो वीडियो बनाया था, वो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. 10 लाख से ज्यादा लोगों ने इसे देखा है. ये सीन इतना एडवेंचरस, लेकिन डराने वाला है कि कई लोग इस घटना की सच्चाई से ही इनकार कर रहे हैं. उनका कहना है कि ये एआई से बनाया गया है, लेकिन मौत के मुंह से निकलकर आए बोइस और टाकेडा के लिए ये जीवन में कभी न भूलने वाली घटना बन गई है. उन्होंने अपना वीडियो नेशनल ओशैनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) के एक्सपर्ट्स को भी दिखाया. उनका भी कहना है कि वो शार्क मछली ही थी. शायद ग्रेट व्हाइट शार्क.
टाकेडा और बोइस का मानना है कि उनके सर्फिंग बोर्ड के नीचे लगा फॉइल नीचे से देखने पर स्टिंगरे मछली जैसा लगता है. वही शायद शार्क से टकरा गया था. इसी वजह से शार्क ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया.
कैसे बचे टाकेडा?टाकेडा ने बताया कि जब शार्क उनके पीछे थी और वो भाग रहे थे, तब उनके दिमाग में एक ही बात चल रही थी कि खुद को बैलेंस रखें और सर्फिंग बोर्ड को पानी के ऊपर बनाए रखने पर ध्यान दें. इस दौरान उन्होंने पूरी कोशिश की कि वो शार्क के बारे में ज्यादा न सोचें. उन्होंने बताया कि कभी-कभी उन्हें लगता कि शार्क चली गई है. लेकिन फिर जब वो पीछे देखते तो वह फिर नजर आ जाती थी. आखिर में वह गायब हो गई. बोइस ने बताया कि उन्होंने अपने वीडियो का नाम ‘फ्रेंडली शार्क चेज’ रखा है, ताकि लोग शार्क को बेवजह विलेन न समझें.
वीडियो: ममता बनर्जी का एग्जिट पोल पर बड़ा बयान, BJP को चेतावनी

