पैसे के चक्कर में भिड़े जीजा-साला, गोली तक चल गई, वो भी पुलिस थाने के सामने
Shahjahanpur Firing: पुलिस ने बताया कि जीजा-साले के बीच ही एक लाख रुपये को लेकर लड़ाई थी. पुलिस ने दोनों को बातचीत और समझौते के लिए थाने बुलाया था. थाने में बातचीत हुई, लेकिन बाहर निकलने के बाद दोनों फिर लड़ने लगे.

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के शाहजहांपुर में दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस थाने के गेट पर ही फ़ायरिंग होने लगी (Firing at police station gate) . बताया गया कि जिन लोगों के बीच विवाद है, वो बहनोई-साले ही हैं. दोनों को पुलिस ने सुलह के लिए थाने बुलाया था. थाने में तो सुलह हो गई, लेकिन उसके बाद जैसे ही वो बाहर निकले तो फिर लड़ाई होने लगी. इसी बीच, सामने वाले पक्ष को धमकाने के लिए एक व्यक्ति ने फ़ायरिंग कर दी. इस फ़ायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. पुलिस ने लगभग आधा दर्जन लोगों के ख़िलाफ़ FIR दर्ज कर ली है.
मामला मदनापुर थाने का है. इसे लेकर, SP सिटी संजय कुमार की तरफ़ से बताया गया कि घटना 23 सितंबर की है. उन्होंने आगे बताया कि हरसिमरन सिंह और सत्येंद्र सिंह आपस में सगे साले और बहनोई हैं. एक लाख रुपये की लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसी को लेकर थाने में दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया गया था. दोनों के बीच समझौता हुआ.
SP संजय ने आगे बताया कि इस बातचीत के बाद दोनों थाने के बाहर चले गए. लेकिन, जैसे ही वो थाने के बाहर निकले, उनका फिर किसी बात पर फिर कहासुनी हुो गई. झगड़ा हो गया. तभी एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को धमकाने के लिए हवाई फ़ायरिंग की. इस मामले में FIR दर्ज की गई है. 6 लोगों को नामजद और 2-3 अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है. उन लोगों की गिरफ़्तारी के लिए 2 टीमें बनाई गई हैं. जल्द ही घटना के लिए ज़िम्मेदार सभी लोगों को गिरफ़्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें - बदलापुर रेप कांड: पुलिस फायरिंग में घायल हुए आरोपी अक्षय शिंदे की मौत
इसी बीच, किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो में देखा जा सकता है कि थाने के ठीक बाहर कुछ लोग लड़ रहे हैं. वहीं, एक व्यक्ति बंदूक लिये हुए खड़ा है. जबकि पुलिसवाले वहीं, उसके सामने खड़े हैं. सोशल मीडिया पर घटना की ख़ूब चर्चा है.
वीडियो: बदलापुर रेप केस के आरोपी अक्षय शिंदे की मौत, पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग करने का आरोप

.webp?width=60)

