बिहार: मेले में प्रोग्राम देखने को टीन शेड पर चढ़ गए सैकड़ों लोग, धड़ाम से गिरा, 100 घायल, वीडियो वायरल
Bihar में महावीरी अखाड़ा मेले में टीन शेड गिर गया. इस हादसे में करीब 100 लोग घायल हुए हैं. घटना का वीडियो वायरल है.

बिहार के सारण जिले में एक मेले के आयोजन के दौरान एक टीन शेड भरभरा कर गिर गया. उस वक्त वहां बड़ी संख्या में लोग टीन शेड पर खड़े होकर महावीरी अखाड़ा मेले में आयोजित संगीत कार्यक्रम देख रहे थे. टीन शेड पर धीरे-धीरे भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि शेड गिर गया. करीब 100 लोग घायल हैं, जिनमें से 30 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वहीं घायलों का उपचार स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर किया जा रहा है. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.
घटना मंगलवार, 3 सितंबर की रात की है. इंडिया टुडे से जुड़े आलोक कुमार जायसवाल की रिपोर्ट के मुताबिक घटना मेले के गेट नंबर-1 के पास हुई. जहां प्रोग्राम को देखने के लिए लोगों की खचाखच भीड़ थी. कुछ प्रोग्राम देखते-देखते पास में बने टीन शेड पर चढ़ गए. वजन अधिक होने की वजह से टीन शेड गिर गया.
मेले में हादसे के बाद भगदड़ मच गई. बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए. सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल इस हादसे में किसी के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है.
ये भी पढ़ें- मोमोज की दुकान में मां की मौत हुई थी, 15 साल के बेटे ने मालिक को चाकू से गोद कर मार डाला
पुलिस ने क्या बताया?
सारण पुलिस द्वारा इस घटना पर एक प्रेस रिलीज जारी की गई है. प्रेस रिलीज में लिखा है,
“इसुआपुर थाना क्षेत्र के लाल बाबा मठिया के पास टीन शेड पर कुछ व्यक्ति चढ़कर सांस्कृतिक कार्यक्रम देख रहे थे. टीन शेड पर अधिक भार होने के कारण वह एक तरफ से मुड़ गया. जिससे उस पर चढ़े व्यक्ति गिर गए. जिसमें से एक दर्जन व्यक्तियों को हल्की चोटें आई हैं. जो सभी प्राथमिक उपचार के बाद स्वस्थ हैं.”
प्रेस रिलीज में आगे लिखा है कि पुलिस आगे की जांच करेगी. पुलिस ने सारण के लोगों से अपील की है कि वो अफवाहों पर ध्यान न दें. शांति व्यवस्था कायम रखने में जिला प्रशासन की मदद करें.
वीडियो: मुंबई के चेंबूर में एक घर की दीवार भरभराकर गिरने से 17 लोगों की मौत

