घर में चोर घुसा, कुत्ता गया, प्यार करवाया और फिर चोर साइकल लेकर चला गया
कुछ भी कहिए, कुत्ता है तो बड़ा क्यूट.

हमने सुना कि कुत्ते की नाक तेज़ होती है और नींद कच्ची. इसीलिए कुत्ते के रहते घर में चोरी नहीं हो सकती है. जिसने कहा था, शायद सही ही कहा था. लेकिन अगर कुत्ता अलर्ट से ज़्यादा क्यूट निकल जाए तो फिर क्या किया जाए? सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के चलते ये सवाल हमारे सामने है. वीडियो में चोर चोरी करने आता है, (क्यूट) कुत्ते को प्यार करता है और उसके बाद अपना काम, माने चोरी करके चला जाता है. लेकिन कुत्ता कुछ नहीं करता है. अब जनता की राय बंटी हुई है. कि कुत्ता बेवफा है या क्यूट? या दोनों?
क्यूट कुत्ते का वीडियो फेसबुक पर San Diego Police Department ने 4 अगस्त को शेयर किया है. वैसे घटना 15 जुलाई 2023 की है. वीडियो में आप देख सकते हैं कि चोर रात को साढ़े दस बजे साइकिल चोरी करके निकल रहा होता है. इतने में कुत्ता बाहर आ जाता है. चोर के पास जाता है और उसे अंदर लेकर आ जाता है. चोर ने कुत्ते को प्यार किया, गुदगुदगी की, उसको दुलारा और फिर वहां से वापस साइकिल लेकर चला जाता है. कुत्ता ना तो भौंकता है और ना मालिक को बुलाता है. वीडियो को शेयर करते हुए सैन डिएगो पुलिस ने लिखा,
"एक संदिग्ध चोर को ढूंढने में आपकी सहायता चाहिए. 15 जुलाई, 2023 को लगभग 10:40 बजे, एक संदिग्ध पेसिफिक बीच इलाके के एक गैरेज में घुसा और 2019 मॉडल की एक काली इलेक्ट्रा 3-स्पीड साइकिल के साथ फरार हो गया. साइकिल की कीमत लगभग 1,300 डॉलर (तकरीबन 1 लाख रूपए) थी. यह कोई औसत साइकिल नहीं है. यह एक अलहदा साइकिल है, जिसमें टायर वाल्व पर "8-बॉल" मार्के के कैप, और फ्रेम पर "8-बॉल" का लोगो है.
लेकिन इस घटना में एक अजीब मोड़ है. भागने से पहले चोर पालतू कुत्ते को सहलाने के लिए रुका. चोर एक पुरुष है जिसे आखिरी बार नीली और सफेद टोपी, ग्रे शर्ट, नीली शॉर्ट्स और नारंगी एथलेटिक जूते पहने देखा गया है. उसके पास काला और नीला बैगपैक था. क्या आप इस चोर या चोरी हुई साइकिल को पहचानते हैं? क्या आप कोई जानकारी दे सकते हैं जो चोर को पहचानने में मदद कर सके? कोई भी जानकारी, चाहे वह कितनी भी छोटी क्यों न लगे, जरूरी साबित हो सकती है. यदि आपके पास कोई जानकारी है तो प्लीज़ हमें एक मैसेज भेजें. साथ मिलकर, हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि सैन डिएगो रहने के लिए एक सुरक्षित स्थान बना रहे."
वीडियो वायरल होने के बाद लोग कुत्ते की क्यूटनेस पर फिदा हो गए. एक यूजर ने लिखा,
“आप वॉच डॉग के रूप में गोल्डन रिट्रीवर नहीं रख सकते हैं! वो बहुत ज़्यादा फ्रेंडली होते हैं!”

दूसरे यूजर ने लिखा,
“इसलिए मैं गोल्डन रिट्रीवर से प्यार करती हूं. हाहाहाहा. कितने फ्रेंडली हैं.”

तीसरे यूजर ने लिखा,
“ये कितना क्यूट है!”

चौथे यूजर ने लिखा,
“क्यूट डॉग का कहना है, ‘’मेरे साथ खेलने फिर आना, मेरे डैड के पास बहुत सारी साइकिल हैं.”

आपको कुत्ते की ये हरकत क्यूट लगी या कुछ और, हमें कॉमेंट बॉक्स में बताइए.
वीडियो: चप्पलों के पास बैठ इंतजार करते वायरल कुत्ते की असली कहानी ये है

