'बाबा सिद्दीकी, सलमान और अब Saif...', एक्टर पर हमले के बाद फडणवीस सरकार पर भड़का विपक्ष
शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत बोले- 'जब Saif Ali Khan पर हमला हुआ, प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में ही थे. महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था खराब हो गई है.'

सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं. घटना की खबर आने के बाद विपक्ष महाराष्ट्र सरकार पर हमलावर है. उद्धव ठाकरे की शिवसेना से लेकर कांग्रेस तक ने मुंबई पुलिस और राज्य के गृह विभाग पर सवाल खड़े कर दिए हैं. उद्धव ठाकरे की शिवसेना के नेता संजय राउत ने कहा कि सैफ पर हमला तब हुआ जब प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में हैं. उन्होंने कहा-
"सैफ अली खान एक कलाकार हैं. उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है. उन्होंने और उनके परिवार ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की...जब सैफ अली खान पर चाकू से हमला हुआ, उस समय प्रधानमंत्री मोदी मुंबई में थे. इस राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है. मुंबई और बीड में क्या हो रहा है? आम जनता सुरक्षित नहीं है. ऐसी घटनाएं हर दिन हो रही हैं."
उद्धव ठाकरे की शिवसेना से राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी की भी प्रतिक्रिया आई. उन्होेंने मुंबई पुलिस और गृह मंत्री को घेरा. महाराष्ट्र सरकार में गृह मंत्रालय CM फडणवीस के पास ही है.
यह कितने शर्म की बात है कि मुंबई में एक और हाई प्रोफाइल हत्या का प्रयास हुआ. सैफ अली खान पर हमले ने एक बार फिर मुंबई पुलिस और गृह मंत्री पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
प्रियंका चतुर्वेदी ने बांद्रा में हो रहे लगातार हमलों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पहले बाबा सिद्दीकी की हत्या की गई, सलमान खान बुलेट प्रूफ घर में रहने को मजबूर हैं, और अब सैफ पर हमला हुआ. उन्होंने कहा कि मुंबई में अगर सेलेब्रिटीज़ के साथ हो सकता है तो आम आदमी की स्थिति क्या होगी.
कांग्रेस ने भी फडणवीस सरकार को घेरा. महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने कहा कि,
"महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. प्रशासन पर सरकार का दबाव है. राजनीतिक हस्तक्षेप है...यह गृह मंत्री और सरकार की सरासर विफलता है. राजनीतिक हस्तक्षेप तुरंत बंद होना चाहिए. अगर मुख्यमंत्री बहुत व्यस्त हैं तो गृह मंत्रालय किसी स्वतंत्र सक्षम मंत्री को दिया जाना चाहिए..."
इस बीच ममता बनर्जी ने का भी बयान आया है. उन्होंने खान परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की.
अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के बारे में सुनकर बहुत चिंता हुई. मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं. मुझे विश्वास है कि कानून अपना काम करेगा और जिम्मेदार लोगों को सजा मिलेगी. इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शर्मिला दी, करीना कपूर और पूरे परिवार के साथ हैं.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सैफ अली खान पर हुए हमले पर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने सैफ के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है.
मुंबई के लीलावती अस्पताल से सैफ अली खान के बारे में आई ताज़ा जानकारी के मुताबिक उनकी सर्जरी पूरी हो गई है. उनकी गर्दन और रीढ़ की हड्डी में गहरे घाव हैं. सैफ के शरीर पर नुकीली चीज़ से 6 वार किए गए थे.
वीडियो: दी सिनेमा शो: संदीप रेड्डी वांगा की, प्रभास की 'स्पिरिट' में विलेन बनेंगे सैफ अली खान और करीना कपूर

.webp?width=60)

