The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • saharanpur UP ATS arrested a Suspected Jaish terrorist who was tasked with killing Nupur Sharma, links with several terrorist groups were also found

'नूपुर को मारने के लिए जैश-ए-मोहम्मद ने बनाया था प्लान', यूपी में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि संदिग्ध आतंकी नदीम, जैश और तहरीक-ए-तालिबान के संपर्क में था.

Advertisement
pic
13 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 13 अगस्त 2022, 08:11 PM IST)
UP ATS arrested Suspected Jaish terrorist tasked with killing Nupur Sharma
गिरफ्तार हुआ संदिग्ध मोहम्मद नदीम (बाएं) नूपुर शर्मा (दाएं)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में एटीएस (UP ATS) ने एक बड़ी आतंकी प्लानिंग का भंडाफोड़ किया है. यूपी एटीएस ने सहारनपुर (Saharanpur) से जैश-ए-मोहम्मद (JEM) और तहरीक-ए-तालिबान, पाकिस्तान (TTP) से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मोहम्मद नदीम को गिरफ्तार किया है. ATS के मुताबिक पूछताछ के दौरान नदीम ने बताया कि, उसे JEM की ओर से पूर्व बीजेपी नेता नूपुर शर्मा (Nupur Sharma) की हत्या की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. इसके अलावा भी पूछताछ के दौरान नदीम ने कई बड़े खुलासे किये हैं.

ATS ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि एजेंसी को सूचना मिली थी कि सहारनपुर के गंगोह थाना के कुंडाकलां गांव में एक शख्स जैश और तहरीक-ए-तालिबान से प्रभावित होकर फिदायीन हमले की तैयारी कर रहा है. ATS ने उसे गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान नदीम ने बताया कि वो नूपुर शर्मा पर हमला करने से पहले इलाके का सर्वे कर रहा था. साथ ही उसके निशाने पर कई सरकारी इमारते भी थीं. 2018 में पहली बार नदीम का संपर्क जैश-ए-मोहम्मद के एक सदस्य से हुआ. इसी सदस्य के जरिए नदीम, सैफुल्लाह के संपर्क में आया. इसके बाद से सैफुल्लाह ने उसे कई और इंटरनेशनल आतंकी प्लेटफार्म से जोड़ा.

यूपी ATS के मुताबिक, 

"मोहम्मद नदीम एक बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा है. नदीम पाकिस्तान में बैठे तहरीक-ए-तालिबान के कमांडर सैफुल्ला से सीधे संपर्क में था. उसके मोबाइल से उसकी सैफुल्लाह की घंटों बातचीत की चैट्स मिली हैं. चैट्स में सैफुल्लाह ने कई जगह कोडवर्ड का इस्तेमाल भी किया है, फोरेंसिक टीम इसे डिकोड करने की कोशिश कर रही है."

इसके अलावा यूपी एटीएस ने बताया कि सैफुल्लाह ने नदीम को कई लॉक्ड PDF फाइल्स भी भेजी हैं, जिन्हें फिलहाल जांच एजेंसियां अनलॉक करने की कोशिश कर रही हैं.  

आतंकी मॉड्यूल बना रहा था सैफुल्लाह

यूपी ATS के मुताबिक सैफुल्लाह जैश और तहरिक-ए-तालिबान के बीच की कड़ी है. ISI के इशारे पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सैफुल्लाह एक नया मॉड्यूल बना रहा था. इसकी जिम्मेदारी उसने नदीम को दी थी. इसके लिए वो नदीम को फेसबुक मैसेंजर पर फर्जी अकाउंट से कई वीडियो क्लिप्स भी भेजता था, जिनका इस्तेमाल युवाओं भड़काने और कट्टर बनाने के लिए किया जाता था. यही नहीं ATS को मिली एक चैट में सैफुल्लाह नदीम को POK जाकर फिदायीन हमले और हथियार चलाने की ट्रेनिंग लेने के लिये आदेश भी दे रहा है.

यूपी के एडीजी, लॉ एण्ड ऑर्डर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नदीम सोशल मीडिया पर फर्जी आइडी बनाकर पाकिस्तानी हैंडलर सैफुल्लाह से बात करता था. वो ऐसा इसलिए करता था ताकि जांच एजेंसियों को उसपर शक न हो. यही नहीं सैफुल्लाह सोशल मीडिया पर नदीम को IED विस्फोटक बनाने के बारे में जानकारियां भी भेजता था. साथ ही सैफुल्लाह ने उसे चाकू से हमला करने की ट्रेनिंग भी दी है.

पाकिस्तान जाने की तैयारी में था नदीम 

ATS के मुताबिक संदिग्ध आतंकी नदीम को अफगानिस्तान और पाकिस्तान में सक्रिय जैश और टीटीप के आतंकी सेल स्पेशल ट्रेनिंग देने के लिए पाकिस्तान बुला रहे थे. बताया जा रहा है कि वो जल्दी ही वीजा लेकर पाकिस्तान जाने वाला था. इसके बाद वह मिस्र के रास्ते सीरिया और अफगानिस्तान भी जाने की योजना भी बना रहा था. ATS ने कहा है कि उन्हें इस बात की भी जानकारी मिली है कि भारत में कई और आतंकी इस नेटवर्क का हिस्सा हैं, इनकी धरपकड़ के लिए भी कार्रवाई शुरू की जा चुकी है. 

वीडियो: नूपुर शर्मा के सिर पर इनाम रखने वाले सलमान चिश्ती को टांग ले गई पुलिस

Advertisement

Advertisement

()