सचिन ने अपने बर्थडे पर कोरोना मरीजों से जुड़ा क्या खास ऐलान किया है?
पिछले महीने सचिन खुद कोरोना पॉज़िटिव पाए गए थे.
Advertisement

सचिन ने सभी देशवासियों से अपील की है कि कोरोना से रिकवर होने के बाद प्लाज़्मा डोनेट करें. फोटो - इंस्टाग्राम
आज भगवान का जन्मदिन है, क्रिकेट के भगवान का. सचिन तेंदुलकर आज 48 साल के हो गए. दुनियाभर से क्रिकेट खिलाड़ी और प्रशंसक उन्हें शुभकामनाएं भेज रहे हैं. सभी की शुभकामनाओं का जवाब देते हुए सचिन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया. कैप्शन में लिखा,
शुभकामनाओं के लिए आप सभी का शुक्रिया. इन्होंने मेरे दिन को स्पेशल बना दिया. मैं आप सभी का आभारी हूं. अपना ध्यान रखिए और सुरक्षित रहिए.शेयर किए गए डेढ़ मिनट के वीडियो में सचिन ने कहा,
आप सभी का शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया. पिछला महीना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण था. मैं कोरोना पॉज़िटिव पाया गया. इसके बाद मुझे 21 दिन तक आइसोलेशन में रहना पड़ा. आपकी दुआएं और प्रार्थना, मेरे परिवार और मेरे दोस्तों की दुआएं, वो डॉक्टर्स और उनका स्टाफ, जिन्होंने मेरी सोच को सकारात्मक रखा. जिससे मुझे रिकवर करने में मदद मिली. आप सभी का बहुत-बहुत शुक्रिया.
सचिन ने अपने वीडियो में आगे कहा,
मैं एक मैसेज देना चाहूंगा, जो मुझे डॉक्टरों ने देने के लिए कहा है. पिछले साल मैंने एक प्लाज़्मा डोनेशन सेंटर का उद्घाटन किया था. उनका मैसेज था कि अगर कोरोना मरीजों को सही समय पर प्लाज़्मा मिल जाए तो वो जल्दी रिकवर हो सकते हैं. मैं खुद भी अपना प्लाज़्मा डोनेट करने वाला हूं. आप में से जो कोविड-19 से रिकवर हुए हैं, अपने डॉक्टर से बात कीजिए, जब अनुमति मिल जाए, तो प्लीज़ डोनेट कीजिए. उससे बहुत तकलीफें कम हो सकती हैं. हमें पता है कि हमारे परिवार को, हमारे दोस्तों को कितनी तकलीफ होती है जब तक हमारी सेहत ठीक नहीं हो जाती. तो मैं आपसे यही दरख्वास्त करूंगा कि ब्लड डोनेट कीजिए. अपने साथी भारतीयों की मदद कीजिए.वीडियो के अंत में सचिन ने फिर अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया. बता दें कि सचिन इसी 27 मार्च को कोरोना पॉज़िटिव पाए गए थे. उस दौरान उन्होंने खुद को घर पर आइसोलेट कर लिया था. लेकिन बुखार की शिकायत होने लगी. नतीजतन कोरोना पॉज़िटिव पाए जाने के छह दिन बाद उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट होना पड़ा था.

.webp?width=60)

