The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • S Jaishankar Will Represent Indian Gov in Donald Trump Oath Ceremony US President

ट्रंप के शपथ ग्रहण में भारत सरकार की तरफ से एस जयशंकर होंगे शामिल, ये बड़े नाम भी पहुंचेंगे

Trump Oath Ceremony: शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के अलावा S Jaishankar नवनिर्वाचित सरकार के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे.

Advertisement
S Jaishankar Will Represent Indian Gov in Donald Trump Oath Ceremony US President
20 जनवरी को ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह होना है. (फाइल फोटो: PTI/AP)
pic
रवि सुमन
12 जनवरी 2025 (Published: 12:12 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

अमेरिका के नवनिवार्चित राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह (Trump Oath Ceremony) 20 जनवरी को होना है. इस समारोह में विदेश मंत्री एस जयशंकर भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे. विदेश मंत्रालय (MEA) ने 12 जनवरी को जानकारी दी है कि जयशंकर अपनी यात्रा के दौरान ट्रंप सरकार के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे. 

पिछले साल नवंबर महीने में आए अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के रिजल्ट में ट्रंप को उपराष्ट्रपति कमला हैरिस पर जीत मिली थी. पिछले महीने एस जयशंकर ने कहा था कि राजनीतिक दृष्टि से ट्रंप ने भारत के प्रति सकारात्मक नजरिया रखा है. उन्होंने कहा था कि कई अन्य देशों की तुलना में भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय संबंध बेहतर स्थिति में हैं. दिसंबर के अंतिम सप्ताह में एस जयशंकर ने अमेरिका का दौरा किया था. उन्होंने ट्रंप सरकार के लिए नामित नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर (NSA) माइक वाल्ट्ज से मुलाकात की थी.

MEA ने अपने हालिया बयान में कहा है,

‘ट्रंप-वेंस इनॉगर्ल कमेटी’ के निमंत्रण पर विदेश मंत्री एस जयशंकर, अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित राष्ट्रपति डॉनल्ड जे ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे. यात्रा के दौरान विदेश मंत्री आने वाले प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ-साथ, वहां मौजूद कुछ अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ भी बैठक करेंगे.

जेडी वेंस अमेरिका के नए उपराष्ट्रपति होंगे. ये दूसरी बार है जब ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे. वो 2017 से 2021 तक अमरेकी के 45वें राष्ट्रपति के रूप में काम कर चुके हैं.

ये भी पढ़ें: टीवी एंकर को रक्षा मंत्रालय, वैक्सीन विरोधी को स्वास्थ्य, ट्रंप के इन नए मंत्रियों पर पूरी दुनिया में बवाल!

अमेरिका में नई सरकार के आने से भारत की नजरें उनकी घरेलू और विदेश नीति पर हैं. H1-B वीज सुधार, सप्लाई चेन, और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र जैसे मुद्दों पर सबकी नजरें हैं. 

इस समारोह में अर्जेंटीना के राष्ट्रपति हावियर मिलेई, ब्रिटेन के रिफॉर्म यूके पार्टी के प्रमुख नाइजल फराज, जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी जैसे नेता शामिल हो सकते हैं. इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को भी आमंत्रित किया गया था. हालांकि, पासपोर्ट संबंधी समस्याओं के कारण वो इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे.

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को भी ट्रंप ने उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था. खबर है कि वो भी अपनी तरफ से किसी उच्च स्तरीय अधिकारी को समारोह में भेजेंगे.

वीडियो: दुनियादारी: क्या डॉनल्ड ट्रंप से मिलेंगे व्लादिमीर पुतिन?

Advertisement

Advertisement

()