The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Russian medical college hostel knife attack 4 Indian students injured

रूस में भारतीय छात्रों पर हमला, चाकू मारकर 4 को किया घायल

रूस की एक मेडिकल यूनिवर्सिटी में चाकू से लैस एक किशोर विदेशी छात्रों के हॉस्टल में घुस गया और वहां रहने वाले छात्रों पर हमला कर दिया. इस हमले में चार भारतीय छात्र भी घायल हो गए.

Advertisement
pic
8 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 07:16 AM IST)
Russian medical college hostel knife attack 4 Indian students injured
रूस में हुए चाकू हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल हो गए. (फाइल फोटो: रॉयटर्स)
Quick AI Highlights
Click here to view more

रूस की एक मेडिकल यूनिवर्सिटी में हुई चाकूबाजी की घटना में कई लोग घायल हो गए. इनमें चार भारतीय छात्र भी शामिल हैं. मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी जानकारी दी. बताया जा रहा है कि चाकू से लैस एक किशोर यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के हॉस्टल में घुस गया और वहां रहने वाले छात्रों पर हमला कर दिया. बीच-बचाव के दौरान दो पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला बश्कोरतोस्तान (रूसी गणराज्य) की राजधानी ऊफ़ा की स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में शनिवार, 7 फरवरी को हुआ. रूस के आंतरिक मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क ने बताया, 

हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया. इस दौरान दो पुलिस अधिकारियों को चाकू से घायल कर दिया गया. इसके अलावा, संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक रूप से घायल कर लिया.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमले के बाद हॉस्टल के अंदर अफरा-तफरी मच गई. रूसी मीडिया ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा कि हमले के बाद चारों ओर खून ही खून था. स्थानीय मीडिया ने जो वीडियो फुटेज दिखाए, उनमें घायलों को एम्बुलेंस में ले जाते हुए दिखाया गया है.

अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है. पीड़ितों और हमलावर को लगी चोटों की गंभीरता के बारे में तुरंत जानकारी नहीं मिल पाई है. जांच समिति ने घटना की जांच शुरू कर दी है.

मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और रूसी अधिकारियों के संपर्क में है. कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों की सहायता करने के लिए ऊफ़ा जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: कनाडा में 2018 से अब तक 17 भारतीय छात्रों की जान गई, सब पर बुरी तरह हमला किया गया

इस घटना से इलाके में रहने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों में डर और चिंता फैल गई है. रूसी अधिकारियों ने अभी तक हमले का कारण या आरोपी का पीड़ितों से कोई विवाद होने की जानकारी नहीं दी है. जांच एजेंसियां मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही हैं और पूरी घटना की जांच कर रही हैं. अभी और जानकारी का इंतजार है.

वीडियो: ब्रिटेन में गिरफ्तार हुए भारतीय लड़के का क्या हुआ?

Advertisement

Advertisement

()