शादी के लिए पैसा निकालने वालों को नई राहत: पर इसका फायदा क्या है?
ये राहत बिल्कुल झुनझुने जैसी है. बच्चे को भूख लगी हो तो उसे खिलौना पकड़ाते हैं क्या?
Advertisement

फोटो - thelallantop
नोटबंदी का फैसला कालेधन से निपटने के लिए लिया गया था, लेकिन अधूरी तैयारी की वजह से आम लोगों की मुसीबत बन गया. मंगलवार को प्रधानमंत्री सीनियर मंत्रियों के साथ बैठे और फिर सूत्रों के हवाले से खबर आई कि शादी के लिए पैसे निकालने वालों को बड़ी राहत का ऐलान हो सकता है.
बड़ी उम्मीदें जगीं, सरकार ने राहत का ऐलान किया भी, लेकिन उस राहत को कितना निचोड़ें. राहत क्या है, ये समझिए.
नोट बैन के फैसले के बाद उन परिवारों के लिए बड़ी समस्या हो गई, जिनके घर में शादियां होनी थीं. सरकार को कुछ देर से अपनी चूक का एहसास हुआ तो उन्होंने ऐलान किया कि शादी का कार्ड दिखाकर आप बैंकों से ढाई लाख रुपये निकाल सकते हैं. मगर उसके साथ जो शर्तें लगाई गई थीं कि शादी करना ही गुनाह लगने लगे. इसके मुताबिक, पैसा तभी मिलना था, जब ये बताया जाए कि ये ढाई लाख रुपये कहां-कहां खर्च किए जाएंगे. इसीलिए अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि साली को जूता चुराई देनी होगी तो वो भी बताना होगा. लोगों ने उनका मज़ाक उड़ा दिया, पर बात ग़लत नहीं थी.
RBI को फिर एहसास हुआ कि अब भी दिक्कतें पेश आ रही हैं. तो मंगलवार को RBI ने अपना सिलेबस चेंज किया और कहा कि शादी के लिए पैसा निकालने वालों को सबका ब्योरा नहीं देना है. बस उस खर्च के बारे में बताना है जो 10 हजार या उससे ज्यादा का होगा. मतलब आप हलवाई को 9 हजार दे रहे हो तो बताने की जरूरत नहीं है. पर 10 हजार 1 रुपया दे रहे हो तो बताना पड़ेगा. अब इसी को आप राहत समझिए. ये कितनी 'बड़ी' राहत है ये तो वही बता सकता है, जिसके यहां शादी है.
शादी वालों के लिए क्या हैं ताज़ा गाइडलाइंस
- जिनके घर शादी है, वो 30 दिसंबर तक अपने अकाउंट से 2.5 लाख रुपये निकाल सकते हैं. लेकिन आपके अकाउंट में ये पैसा 8 नवंबर से पहले जमा हुआ हो. और हां पैसा तभी निकाल पाएंगे जब शादी 30 दिसंबर या उससे पहले हो.
- ऐसा मत सोचो कि दूल्हा-दुल्हन भी निकाल लेंगे और उनके मां बाप भी. कोई एक ही पैसे निकाल सकता है. क्योंकि एक जगह पर ही परिवार की पूरी डिटेल्स देनी होंगी.
- दूल्हा-दुल्हन के घर अलग अलग 2.5 लाख रुपये निकाले जा सकते हैं.
- इन तीन निर्देशों पर ज्यादा खुश न हो. क्योंकि आपको ये प्रूफ देना होगा कि जो ढाई लाख रुपये आपने निकाले हैं, वे उन लोगों को देेने हैं, जिनका बैंक अकाउंट नहीं हैं. मतलब आपके जूलर, केटरर या टेंट वाले का अकाउंट हो तो ये सुविधा आपके लिए नहीं है.
- शादी के कार्ड के साथ दूल्हा दुल्हन की पूरी जानकारी भी देनी होगी.
- प्रूफ के तौर पर शादी का कार्ड, शादी से जुड़े खर्चों में एडवांस पेमेंट की रसीद भी देनी होगी. पहले हर एक खर्चे की जानकारी देने की बात कही थी. बाद में संशोधन हुआ. और तय किया कि 10 हजार और उससे ज्यादा खर्च का ब्योरा देना होगा.

.webp?width=60)

