महान विव रिचर्ड्स के रंग पर पाकिस्तानी एंकर की भद्दी टिप्पणी, खी-खी करते दिखे रमीज राजा
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन रहे हैं रमीज राजा. जनता ने उनकी भरसक आलोचना की और कहा ये वर्ल्ड कप की कुंठा है.

आज विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्डों का महा-रिकॉर्ड तोड़ दिया. लेकिन आज पाकिस्तान के क्रिकेट 'एक्सपर्ट' भी प्रॉब्लमैटिक कॉमेंट का रिकॉर्ड तोड़ने पर लगे हुए हैं. पहले पूर्व-क्रिकेटर अब्दुल रज़्ज़ाक़ ने ऐश्वर्या राय बच्चन पर एक भद्दा कॉमेंट किया था, और अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के पूर्व-चेयरपर्सन रमीज़ रज़ा सवालों के घेरे में हैं. एक नस्लवादी और महिला-विरोधी टिप्पणी पर हंसने के लिए.
हुआ क्या है?एक पाकिस्तानी टॉक शो की एक क्लिप X (पूर्व-ट्विटर) पर सामने आई है. वीडियो में एक महिला - जो शो की गेस्ट हैं - एक भद्दा मज़ाक करती हैं. वेस्ट इंडीज़ के क्रिकेटर सर विवियन रिचर्ड्स और भारतीय ऐक्ट्रेस नीना गुप्ता के रिश्ते के बारे में. महिला इस बात से बहुत परेशान थीं, कि कैसे विव रिचर्ड्स नीना को 'ले गया'. वो कहती हैं,
"..मेरा तो दिल तभी टूट गया था, जब विवन ले गया था नीनो को. तब मैंने एक शेर लिखा था. जो लड़कियां ख़ुद को कहती हैं मल्लिका-ए-आलिया, उनको मिलता है मिस्टर…"
इसी जगह एंकर ने महान विव रिचर्ड्स के रंग का मजाक उड़ाती तुकबंदी कर दी.
इस महिला-विरोधी और रंगभेदी टिप्पणी पर सभी गेस्ट हंसे. रमीज़ रज़ा भी वहीं बैठे थे. वो भी हंस दिए. इंटरनेट की जनता ने महिला और सभी गेस्ट्स की भरसक आलोचना की. लोगों ने तो सीधे कहा कि वेस्ट-इंडीज़ को कभी पाकिस्तान नहीं जाना चाहिए.
मसाबा ने कहा - आप में ग्रेस नहीं है80 के दशक के अंत में नीना गुप्ता और विव रिचर्ड्स रिलेशनशिप में थे. उन्होंने कभी शादी नहीं की, लेकिन उनकी एक बेटी है. नाम, मसाबा गुप्ता. देश की बहुत बड़ी फ़ैशन डिज़ाइनर हैं. मसाबा गुप्ता ने भी रमीज़ रज़ा को निशाने पर लिया. X पर पोस्ट किया,
"प्रिय रमीज़ राजा (सर), मुझे पता है बहुत कम लोगों में ही ग्रेस होता है. मेरे पिता, मां और मेरे पास बहुत है. आप में नहीं है. ये देखकर बहुत दुख हुआ कि जिस बात पर दुनिया ने लगभग 30 साल पहले हंसना बंद कर दिया, उस पर आप टीवी पर हंस रहे हैं. आज की दुनिया में आ जाइए. हम तीनों यहीं हैं."
ये भी पढ़ें - एक्ट्रेस नीना ने कहा ‘मुझे बच्चा पैदा करना है लेकिन शादी नहीं’
इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व-क्रिकेटर अब्दुल रज़्ज़ाक़ ने पाकिस्तान क्रिकेट को लेकर अपनी 'समीक्षा' में ऐश्वर्या राय बच्चन का नाम लिया था. वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम के प्रदर्शन के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा,
“अगर आप ये सोचते हैं कि आप ऐश्वर्या राय से शादी करेंगे और उम्मीद करेंगे कि एक नेक और पवित्र बच्चा पैदा होगा, तो ऐसा कभी नहीं हो सकता.”
हालांकि, बाद में रज़्ज़ाक़ ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी. कहा कि उन्होंने ग़लती से ऐश्वर्या राय का नाम ले लिया और उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था.

