'रातभर वो लाश के साथ लेटी रही... ', राहुल ने संसद में मणिपुर की 2 महिलाओं के बारे में क्या बताया?
राहुल गांधी सांसदों से बोले- कहानी को सुनिए, अपने बच्चों के बारे में सोचिए, फिर इन महिलाओं पर जो बीती उसकी कल्पना कीजिए

विपक्ष के नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने बुधवार, 9 अगस्त को मणिपुर हिंसा पर सरकार को घेरा. वे लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर अपना बयान दे रहे थे. उन्होंने मणिपुर के बारे में बात करते हुए कहा कि BJP के लिए मणिपुर हिंदुस्तान नहीं है. मोदी सरकार ने उसे दो भागों में बांट दिया है.
2 महिलाओं की कहानी सुनाईराहुल गांधी ने मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ हुई हिंसा पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा,
"मैं मणिपुर में रिलीफ कैंप्स में गया. मैंने वहां बहुत सारी महिलाओं से बात की. मैं आपको 2 उदाहरण बताना चाहता हूं. मैंने एक महिला से पूछा कि आपके साथ क्या हुआ? तो उन्होंने बताया कि मेरा छोटा सा बेटा, वो एक ही बच्चा था मेरा. उसे मेरी आंखों के सामने गोली मार दी गई. मैं पूरी रात उसकी लाश के साथ लेटी रही. फिर मुझे डर लगा. मैंने अपना घर छोड़ दिया. मैंने अपना सबकुछ वहीं छोड़ दिया."
राहुल ने सांसदों से कहा कि वो अपने बच्चों के बारे में सोचें और फिर गौर करें कि उस महिला पर क्या बीती होगी.
उन्होंने एक और महिला का जिक्र करते हुए आगे बताया,
"एक दूसरे कैंप में मैंने दूसरी महिला से पूछा आपके साथ क्या हुआ? जैसे ही मैंने ये सवाल किया, महिला बुरी तरह कांपने लगी. वो अपने दिमाग में घटना को सोचकर तुरंत ही बेहोश होकर गिर गई. वो मेरे सामने ही कांपते हुए बेहोश हो गई."
राहुल गांधी ने मणिपुर हिंसा के लिए BJP सरकार को जिम्मेदार ठहराया.
उन्होंने कहा,
"मैंने आपको केवल 2 उदाहरण दिए हैं. मोदी सरकार ने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है. इनकी राजनीति ने मणिपुर को नहीं, हिंदुस्तान को मणिपुर में मारा है. मणिपुर में हिंदुस्तान का कत्ल किया है."
राहुल गांधी लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद पहली बार संसद में अपनी बात रख रहे थे. मोदी सरनेम मामले में हुई सज़ा को लेकर 24 मार्च 2023 को उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी. 4 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सज़ा पर रोक लगाई. इसके बाद 7 अगस्त को उन्हें संसद की सदस्यता वापस मिल गई.
वीडियो: मणिपुर में महिला मेरे सामने बेहोश, संसद में राहुल गांधी ने दर्द बयां किया

