The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Rajasthan: Jodhpur Police Visits Sacked Minister Rajendra Gudha's Residence In Rape Case Probe

बलात्कार मामले में राजेंद्र गुढ़ा के घर पहुंची पुलिस ने क्या किया? एक दिन पहले ही लाल डायरी खोली थी

गुढ़ा ने इस डायरी के हवाले से सीएम अशोक गहलोत और उनके बेटे वैभव गहलोत पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे.

Advertisement
pic
3 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 3 अगस्त 2023, 09:33 PM IST)
Rajasthan Police Questions Sacked Minister Gudha In POCSO Case
राजेंद्र गुढ़ा के घर पहुंची पुलिस. (साभार - आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

राजस्थान की जोधपुर पुलिस ने POCSO एक्ट से जुड़े एक मामले में पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा से पूछताछ की है. बुधवार, 3 अगस्त को पुलिस उनके घर पहुंची. इससे एक दिन पहले ही राजेंद्र गुढ़ा ने एक ‘लाल डायरी’ के पन्ने खोले थे. गुढ़ा ने इस डायरी के हवाले से सीएम अशोक गहलोत और उनके बेटे वैभव गहलोत पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे. अब POCSO से जुड़े मामले में उनके घर पुलिस आने को इस लाल डायरी के प्रकरण से जोड़ा जा रहा है.

पूर्व मंत्री के घर पहुंची पुलिस

आजतक से जुड़े अशोक शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक मामला दो नाबालिग लड़कियों के कथित अपहरण और रेप से जुड़ा है. दोनों पीड़िता बहनें हैं. इन्हें बीती 26 जुलाई को हरियाणा के अंबाला से बरामद किया गया था.

मामले में पुलिस ने दो आरोपियों अशोक विश्नोई और मेघराज जाट को गिरफ्तार किया है. रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस की पूछताछ में उन्होंने वारदात की जो जगह बताई वो जयुपर में है. ये राजेंद्र गुढ़ा का आवास है जिसके एक शेल्टर होम में कथित बलात्कार की घटना हुई.

रिपोर्ट के मुताबिक इस शेल्टर होम में बाहर से आने वाले लोगों के ठहरने की व्यवस्था है. बताया गया कि एक आरोपी इस शेल्टर होम में एक पीड़िता को लेकर आया था. ये बोलकर कि उनके किसी करीबी का अस्पताल में इलाज चल रहा है. लेकिन लड़की को वहां रुकाने के नाम पर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया. वहीं दूसरे आरोपी पर जयपुर के एक होटल में दूसरी लड़की से रेप करने का आरोप है.

रिपोर्ट के मुताबिक जोधपुर के पीपाड़ थाने में 2 जुलाई को दुष्कर्म और किडनैपिंग का मामला दर्ज हुआ था. पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस घटनास्थल की तस्दीक और पूछताछ करने के लिए राजेंद्र गुढ़ा के घर पहुंची थी. वहां पुलिस टीम ने काफी देर तक बंगले के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. सादा कपड़ों में आई पुलिस ने वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ भी की. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) धर्मेन्द्र सिंह यादव ने अब तक की जांच में पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा की भूमिका से इनकार किया है.

मंत्रीपद से क्यों हटाए गए?

मंत्री रहते हुए राजेंद्र गुढ़ा गहलोत सरकार पर सवाल उठाते रहे. पिछले महीने विधानसभा में उन्होंने कहा था कि सरकार को महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों को स्वीकार करना चाहिए. उसे मानना चाहिए कि वो महिलाओं को सुरक्षा देने में असफल रही है. इसके बाद गुढ़ा को मंत्री पद से हटाए जाने की खबर आई. सरकार से निकाले जाने के बाद गुढ़ा ने सीएम अशोक गहलोत पर आरोपों की झड़ी लगा दी. उन्होंने सीएम पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए. 24 जुलाई को उन्होंने सदन में एक ‘लाल डायरी’ लहरा दी. राजेंद्र गुढ़ा का दावा है कि उन्होंने सीएम गहलोत के आदेश पर ही ये डायरी धर्मेंद्र राठौड़ के घर से चुराई थी. धर्मेंद्र राठौड़ राजस्थान पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन और कांग्रेस के नेता हैं.

डायरी में क्या मिला?

बुधवार, 2 अगस्त को गुढ़ा ने इस डायरी के कुछ पन्ने खोले. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुढ़ा ने डायरी के तीन पन्ने सार्वजनिक किए और आरोप लगाया कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चुनाव में खूब भ्रष्टाचार हुआ था. अशोक गहलोत के बेटे वैभव अभी RCA के अध्यक्ष हैं. गुढ़ा की 'लाल डायरी' में लिखा है,

- वैभव जी और मेरी, दोनों की RCA चुनाव खर्चे को लेकर चर्चा हुई. (सचिव) भवानी सामोता किस तरह तय करके भी लोगों के पैसे नहीं दे रहा है.

- घर पर राजीव खन्ना और भवानी सामोता आए. RCA चुनाव का हिसाब किया. भवानी सामोता ने ज्यादातर लोगों से जो वादा किया है वो पूरा नहीं किया है. मैंने कहा यह ठीक नहीं है. आप इसे पूरा करो. भवानी सामोता ने कहा कि मैं सीपी साहब (संभवत, सीपी जोशी) की जानकारी में डालता हूं. फिर आपको 31 जनवरी तक बताता हूं.

- सीएम के पीएस को भी फोन किया और कहा कि RCA वाला हिसाब कर दो. मुझे जरूरत है. उन्होंने कहा कि सीएम से बात कर बताऊंगा.

चूंकि डायरी की चोरी धर्मेंद्र राठौड़ के घर से हुई, इसलिए गुढ़ा का आरोप है कि ये सारी बातें उन्होंने ही लिखी हैं. गुढ़ा ने कहा कि वो इस डायरी से लगातार खुलासे करते रहेंगे.

वीडियो: PM मोदी के कार्यक्रम में गहलोत का भाषण नहीं, कौन सच बोल रहा, पूरी पॉलिटिक्स पता चल गई

Advertisement

Advertisement

()