राजस्थान: दबंग कर रहे थे परेशान, पुजारी ने आग लगाकर जान दे दी!
जयपुर का है मामला. 90 फीसदी तक झुलस गए थे पुजारी गिरिराज शर्मा.

राजस्थान (Rajasthan) के जयपुर (Jaipur) में एक मंदिर के बुजुर्ग पुजारी की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि ये आत्मदाह का मामला है. कुछ लोगों पर मंदिर के पुजारी को इसके लिए मजबूर करने का आरोप लगा है. पुजारी के परिवार के मुताबिक, वो दबंगों से परेशान थे. इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकियों की तलाश जारी है.
Jaipur में हुई मौतआजतक से जुड़े जय किशन की रिपोर्ट के मुताबिक, ये मामला जयपुर के मुरलीपुरा इलाके का है. पुलिस ने बताया कि मुरलीपुरा थाना क्षेत्र के शंकर विहार स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के पुजारी पंडित गिरिराज शर्मा घटना में 90 फीसदी तक झुलस गए थे. उन्हें गंभीर हालत में सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
इस मामले में 7 लोगों पर पुजारी को आत्मदाह के लिए मजबूर करने का आरोप लगा है. पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ लिया है. इनके नाम दिनेश चंद, मूलचंद मान, रामकिशन शर्मा और सांवरमल अग्रवाल है. वहीं तीन आरोपी फरार हैं, पुलिस उनकी तलाश में लगी है.
आरोपी मंदिर ट्रस्ट और विकास समिति के सदस्य बताए जा रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक इन लोगों पर पुजारी को मंदिर से निकालने के लिए परेशान करने का आरोप लगा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुजारी की पत्नी ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी पुजारी को मंदिर से निकालने की योजना बना रहे थे.
एक दिन पहले साधु की हत्याइससे पहले 18 अगस्त को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में एक साधु की हत्या की खबर आई थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संगरिया के भाखड़ावाली गांव में साधु चेतन दास की हत्यारों ने गला रेत कर जान ले ली. मृतक साधु भाखड़ावाली गांव में कुटिया बनाकर रहते थे.
मृतक चेतन दास के शरीर पर चोट के कई निशान मिले थे. उनके गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया था. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया. पुलिस की तरफ से कहा गया है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
वीडियो- राजस्थान: दलित छात्र के दोस्तों ने बताया टीचर ने उसे क्यों पीटा था

