The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • rajasthan government ashok gehlot replied to bjp accusation on law and order manipur viral video

महिलाओं के खिलाफ अपराध में राजस्थान 'नंबर वन'? CM गहलोत NCRB के आंकड़े ले लाए

बीजेपी की तरफ से दावा किया जाता रहा है कि महिलाओ के खिलाफ अपराध के मामले में राजस्थान देश के किसी भी दूसरे राज्य से आगे है.

Advertisement
pic
1 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 1 अगस्त 2023, 11:11 PM IST)
rajasthan bjp chief CP joshi put allegation twice in a day on rajasthan congress.
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गहलोत सरकार पर दोबारा हमला किया. (Image Credit- Twitter)
Quick AI Highlights
Click here to view more

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महिला अपराध के मुद्दे को लेकर बीजेपी पर पलटवार किया है. मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न घुमाए जाने का मामला सामने आने के बाद से बीजेपी की तरफ से कई मौकों पर कहा गया है कि राजस्थान महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में देश में सबसे ऊपर है. अब सीएम अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के हवाले से बड़े दावे किए हैं.

मंगलवार, 1 अगस्त को गहलोत ने ट्वीट किया,

‘वो सच जो भाजपा को कड़वा लगेगा क्योंकि NCRB के आंकड़ों के मुताबिक... प्रति लाख जनसंख्या पर महिलाओं के खिलाफ अपराधों में टॉप 5 राज्यों में से तीन भाजपा के हैं. इनमें भाजपा शासित असम, केन्द्र शासित पुलिस वाला राज्य दिल्ली, हरियाणा हैं… इसके अलावा महिलाओं के साथ दुष्कर्म के सबसे अधिक मामले भी भाजपा शासित मध्य प्रदेश में हैं. हत्या, महिलाओं के विरुद्ध अपराध और अपहरण में भाजपा शासित उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे है.'

गहलोत ने कुछ मामलों में बीजेपी शासित प्रदेशों और राजस्थान की तुलना भी की. उन्होंने आगे लिखा, 

‘नाबालिगों से बलात्कार यानी पॉक्सो एक्ट के मामले में मध्य प्रदेश देश में पहले स्थान पर है जबकि, राजस्थान 12वें स्थान पर है. NCRB रिपोर्ट में 2019 की तुलना में 2021 में राजस्थान में महिलाओं के विरुद्ध अपराध कम हुए हैं. जबकि, इस दौरान भाजपा शासित मध्य प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश में अपराध बढ़े हैं. मणिपुर में महिलाओं के साथ जिस तरह की घटनाएं हुई हैं वो पूरी दुनिया ने देखा है.’

सीएम ने हाल ही में जोधपुर में हुए बलात्कार के मामलों पर भी लिखा. उनके मुताबिक, 

‘जोधपुर में बलात्कार के मामलों में ABVP के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आरोपी हैं. राजस्थान में FIR के अनिवार्य पंजीकरण की नीति के बावजूद 2021 में 2019 की तुलना में करीब 5% अपराध कम दर्ज हुए हैं. जबकि, MP, हरियाणा, गुजरात, उत्तराखंड समेत 17 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में अपराध अधिक दर्ज हुए हैं. राजस्थान में महिलाओं की पूरी सुनवाई होती है और पुलिस अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है.'

सीएम के इन दावों पर बीजेपी ने पलटवार किया है. मंगलवार की देर शाम ही राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष सीपी जोशी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें जोशी ने गहलोत की तरफ से पेश NCRB के आंकड़ों पर जवाब दिया,

“अभी मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट किया. मैं सीएम से कहना चाहता हूं कोई सीएम अपराधियों के साथ कभी खड़ा नहीं हुआ. आपको शर्म आनी चाहिए कि अपराधियों के साथ खड़े हो और आपके मंत्री कहते हैं कि यह मर्दों का प्रदेश है... बीजेपी रुकने वाली नहीं हैं. हम सीएम अशोक गहलोत के ट्वीट की निंदा करते हैं.”

इससे पहले प्रदेश बीजेपी ने गहलोत सरकार के कार्यकाल में राजस्थान में अपराध बढ़ने का दावा करते हुए एक रैली निकाली. पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस के राज में राजस्थान में अपराध बेलगाम हो चुके हैं. चुनाव से पहले बीजेपी इसे बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश में है.

वहीं सीएम गहलोत और कांग्रेस का कहना है कि केंद्र और राजस्थान बीजेपी के नेता राज्य को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं. सीएम ने आरोप लगाया कि ये सब सिर्फ मणिपुर और बीजेपी शासित राज्यों की असफलताओं से ध्यान हटाने के लिए हो रहा है.

Advertisement

Advertisement

()