क्या राहुल गांधी जीतते ही किसानों की कर्जमाफी के वादे से पलट गए?
फेसबुक पर यह वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है. पर सच्चाई क्या है?

11 दिसंबर, 2018 को पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे आए. ये नतीजे कांग्रेस के लिए अच्छी और भाजपा के लिए बुरी खबर लेकर आए. तीन राज्यों में कांग्रेस ने भाजपा को हराया. इन तीनों राज्यों में कांग्रेस का कैंपेन लीड कर रहे थे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी. राहुल के इन तीन राज्यों में दिए हर भाषण में एक बात कॉमन थी जो कांग्रेस की जीत का भी एक कारण रहा. ये है किसानों की कर्जमाफी. राहुल हर जगह कहते रहे कि कांग्रेस सरकार में आते ही कर्जा माफी करेगी. इसी वादे को लेकर अब सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को निशाने पर लिया जा रहा है. ये वीडियो क्रॉप कर फैलाया जा रहा है. ये पूरी तरह फर्जी वीडियो है. क्या है इसका पूरा हिसाब-किताब वो जान लीजिए.
क्या है मामला?
अक्सर फेक न्यूज़ फैलाने वाले फेसबुक पेज योगी सरकार और जय पूर्वांचल ने एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में दो विंडो बने हुए हैं. ऊपर लिखा है वादे से पलटे राहुल. एक विंडो में राहुल का एक चुनावी भाषण है जिसमें वो कह रहे हैं कि कांग्रेस की सरकार आते ही 10 दिन में कर्ज माफ कर दिया जाएगा. वहीं दूसरी विंडो में राहुल कहते दिख रहे हैं कि कर्जमाफी सॉल्यूशन नहीं है. सॉल्यूशन ज्यादा कॉम्पलैक्स होगा. सॉल्यूशन किसानों को सपोर्ट करने का होगा, इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का होगा, टेक्नॉलजी बनाने का होगा और सॉल्यूशन बहुत चैलेंजिंग होगा.
इस वीडियो को शेयर कर कहा जा रहा है कि राहुल गांधी अपने वादे से पलट गए हैं.
जीत के 24 घंटे बाद ही पलटे राहुल बाबा
जीत के 24 घंटे बाद ही पलटे राहुल बाबा
Posted by जय पूर्वांचल
on Tuesday, December 11, 2018
जय पूर्वांचल से शेयर हुए इस वीडियो को अब तक 35 हज़ार से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका है. योगी सरकार फेसबुक पेज से अपलोड हुए इस वीडियो को साढ़े तीन हज़ार से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका है.

जय पूर्वांचल पेज का स्क्रीनशॉट.
कुछ और पेजों पर हज़ारों बार शेयर हुआ वीडियो.


सच्चाई क्या है?
राहुल ने कर्जमाफी का ये वादा तो बहुत सी रैलियों में किया. तो पहली विंडो में चल रहा वीडियो ठीक है. अब बात दूसरी विंडो में चल रहे वीडियो की. ये वीडियो 11 दिसंबर को आए चुनाव नतीजों के बाद हुई राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस का है. इस वीडियो में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोली गई पूरी बात में से राहुल की बात का एक हिस्सा अपने एजेंडे के मुताबिक काटकर शेयर किया जा रहा है. पहले आप ये सुनिए.
सवाल- कर्जमाफी की घोषणा कब होगी?
राहुल का जवाब- हमने कहा है कि जैसे ही हमारी सरकार बनेगी, किसानों की कर्जमाफी का प्रॉसेस शुरू हो जाएगा. इमीडिएटली.
देखें वीडियो-
तो फिर ये वीडियो कहां से आया?
दरअसल यह एक दूसरे सवाल का जवाब है.
सवाल- 2009 में UPA की वापसी में कर्ज माफी का बड़ा रोल रहा है. क्या कांग्रेस 2019 में फिर से कांग्रेस कर्जमाफी का वादा लेकर चुनावों में जाएगी?
राहुल का जवाब- नहीं देखिए, मैंने अपने भाषणों में बोला कि कर्जमाफी सपोर्टिंग स्टेप है लेकिन सॉल्यूशन नहीं है.सॉल्यूशन ज्यादा कॉम्पलैक्स होगा. सॉल्यूशन किसानों को सपोर्ट करने का होगा, इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का होगा, टेक्नॉलजी बनाने का होगा और सॉल्यूशन बहुत चैलेंजिंग होगा. उसके लिए किसानों के साथ काम करना पडे़गा, देश की जनता के साथ काम करना पड़ेगा और वो हम करेंगे.
देखें वीडियो-
इन दोनों वीडियोज को देखकर आप आसानी से समझ सकते हैं कि ये वीडियो क्रॉप कर अपने हिसाब से चलाई गई है. राहुल ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन राज्यों में कर्जमाफी की बात को दोहराया है. ये जो वीडियो चल रही है वो 2019 के चुनाव में कर्जमाफी के वादे को लेकर है.
हमारी पड़ताल में ये वीडियो फर्जी निकला. इस वीडियो को गलत तरीके से फैलाया जा रहा है.
वीडियो- खींचतान के बाद आखिरकार कैसे बाजीगर बनी कांग्रेस?

