अविश्वास प्रस्ताव पर बोले थे राहुल गांधी, अब उनके भाषण से कौन-कौन सी बातें हटा दी गईं?
मणिपुर और देश में आग लगाने के लिए BJP को ठहराया था ज़िम्मेदार. अब उनके भाषण के कुछ शब्दों को हटा दिया गया.

राहुल गांधी के भाषण (Rahul Gandhi Speech) से कुछ शब्द लोकसभा की कार्यवाही (Loksabha) से हटा दिए गए हैं. उन्होंने 9 अगस्त को लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर भाषण दिया था. राहुल ने BJP पर नफरत और विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि BJP ने अपनी इसी राजनीति से मणिपुर और पूरे देश में आग लगाई है.
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, 9 अगस्त की देर रात राहुल के भाषण से कुछ शब्दों को रिकॉर्ड से हटा दिया गया. लोकसभा स्पीकर के आदेश पर ऐसा हुआ. राहुल के मणिपुर में भारत माता से जुड़े बयान को सदन के रिकॉर्ड से हटाया गया है. राहुल ने अपने भाषण में कहा था कि मणिपुर और देश में लगी आग के लिए पूरी तरह BJP ज़िम्मेदार है. उन्होंने कहा था,
मणिपुर हिंसा पर बोले राहुल गांधी"आप पूरे देश में केरोसिन फेंक रहे हो. आपने मणिपुर में केरोसिन फेंकी और चिंगारी लगा दी. अब आप हरियाणा में यही कर रहे हो. आप पूरे देश को जला रहे हो. आप पूरे देश में भारत माता की (****) कर रहे हो."
राहुल ने मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ हुई हिंसा की बात की थी. उन्होंने बताया कि वे रिलीफ कैंपों में लोगों से मिले. कहा,
"मैं कुछ दिन पहले मणिपुर गया था. आपके (****) अभी तक वहां नहीं गए हैं. मैंने मणिपुर शब्द का इस्तेमाल किया लेकिन असल में मणिपुर नहीं बचा है. आपने उसे दो भागों में बांट दिया है. भारत की सेना एक दिन में मणिपुर में शांति बहाल कर सकती है. लेकिन आप सेना को वहां नहीं भेज रहे हैं. क्योंकि आप मणिपुर में भारत माता की (****) करना चाहते हैं."
राहुल ने आगे कहा था,
"मैंने अपने भाषण की शुरुआत में बोला कि भारत एक आवाज है. भारत हमारी जनता की आवाज है. दिल की आवाज है. आपने मणिपुर में उस आवाज की (****) की. इसका मतलब आपने भारत माता की (****) मणिपुर में की. आपने मणिपुर के लोगों को मारकर भारत माता की (****) की. आप देशद्रोही हो. आप द्रेशप्रेमी नहीं हो. आपके (****) मणिपुर में नहीं जा सकते हैं, क्योंकि उन्होंने हिंदुस्तान की (****) की है. भारत माता की (****) की है. आप भारत माता के रखवाले नहीं हो, आप भारत माता के (****) हो."
राहुल ने भारत देश को अपनी मां बताया और कहा,
विपक्षी सांसदों ने जताई आपत्ति"मैं अपनी मां की (****) के बारे में बात कर रहा हूं. मैं सम्मान के साथ बात कर रहा हूं. आपने मेरी मां की (****) की है. मेरी एक मां यहां बैठी हैं. और मणिपुर में मेरी दूसरी मां की (****) आपने की. हर दिन, जब तक कि आप हिंसा को रोक नहीं देते, आप मेरी मां की (****) कर रहे हैं."
राहुल गांधी के भाषण के समय केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजु ने उन्हें बीच में टोका था. उन्होंने कहा था कि राहुल अपने बयान के लिए माफी मांगें. क्योंकि पूर्वोत्तर भारत में उग्रवाद और बाकी तमाम समस्याओं के लिए कांग्रेस ज़िम्मेदार है. विपक्ष के सांसदों ने तुरंत इसपर आपत्ति जताई. वे स्पीकर की कुर्सी की तरफ गए और उन्होंने पूछा कि रिजिजु का माइक्रोफोन क्यों चालू है?
सांसदों ने कहा कि 8 अगस्त को जब BJP नेता निशिकांत दुबे के भाषण के समय उन्होंने आपत्ति जताई तो उन्हें सवाल भी नहीं करने दिए गए. उनके माइक्रोफोन बंद कर दिए गए और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें वापस अपनी सीट पर लौटने के लिए कहा था.
राहुल गांधी लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद पहली बार संसद में अपनी बात रख रहे थे. बीते 7 अगस्त को उनकी सदस्यता बहाल की गई थी. मोदी सरनेम मामले में हुई सज़ा को लेकर 24 मार्च 2023 को उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी. सुप्रीम कोर्ट ने 4 अगस्त को उनकी सज़ा पर रोक लगाई. इसके बाद उन्हें सदस्यता वापस मिली.
वीडियो: संसद में आज: संसद में PM मोदी पर बरसे राहुल गांधी, गुस्से में अमित शाह मणिपुर पर क्या बता गए?

