राहुल ने संसद में ऐसा क्या किया जो स्मृति ईरानी ने सभापति से शिकायत लगा दी?
राहुल गांधी के एक एक्शन को लेकर विवाद शुरू हो गया है

संसद में मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस चल रही है. बुधवार को इस प्रस्ताव का दूसरा दिन है. बहस की शुरुआत की कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने. अपने भाषण में उन्होंने मणिपुर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर ताबड़तोड़ हमले बोले. लेकिन इस बीच विवाद उनके एक एक्शन को लेकर शुरू हो गया. दरअसल, राहुल के भाषण के बाद सरकार की ओर से मोर्चा संभाला स्मृति ईरानी ने. उन्होंने अपने भाषण के बीच में आरोप लगाया कि राहुल ने सदन में अभद्र व्यवहार किया है. उन्होंने सदन में फ्लाइंग किस दिया ये जानते हुए कि यहां महिला सांसद भी बैठी हैं.
स्मृति की राहुल के खिलाफ शिकायतराहुल गांधी के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए स्मृति ईरानी ने कहा,
स्पीकर के चैंबर में पहुंचीं महिला सांसद‘’एक बात पर मैं आपत्ति दर्ज करती हूं. जिनको आज मुझसे पहले वक्तव्य देने का अधिकार दिया गया. उन्होंने जाते जाते एक अभद्र लक्षण के दर्शन दिए. एक महिला विरोधी शख्स ही संसद में फ्लाइंग किस दे सकता है जब संसद में महिला सदस्य भी बैठी हैं. ऐसी गरिमाविहीन आचरण को इस देश के सदन में कभी नहीं देखा गया. ये उस खानदान के लक्षण हैं ये आज सदन में देश को पता चला.''
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने भी फ्लाइंग किस को लेकर कांग्रेस सांसद पर निशाना साधा. उन्होंने राहुल के व्यवहार को अनुचित बताया और लोकसभा अध्यक्ष के पास शिकायत दर्ज कराई. कई अन्य महिला सांसदों ने भी शिकायत पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं. इस पत्र में उन्होंने राहुल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. हस्ताक्षर करने वाली सभी महिला बीजेपी सांसद शिकायत करने स्पीकर के चैंबर में पहुंची थीं.

बताते चलें कि संसद टीवी के कैमरे पर ये वाकया कैद नहीं हुआ है. इंडिया टुडे ग्रुप की वरिष्ठ संवाददाता मौसमी सिंह द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जब राहुल गांधी संसद से बाहर निकल रहे थे तो उस वक्त उनके हाथ से कुछ कागज नीचे गिर गए. जिनको उठाने के लिए जैसे ही राहुल गांधी नीचे झुके बीजेपी के सांसद हंसने लगे. इसके बाद ही राहुल ने ट्रेजरी बेंच की ओर फ्लाइंग किस का इशारा दिया और वे निकल गए.
ये पहला मौका नहीं है जब संसद में राहुल गांधी के किसी एक्शन को लेकर विवाद खड़ा हुआ है. इससे पहले संसद में नरेंद्र मोदी से बिना इजाजत गले लगने और भाषण के बाद साथी सांसद की ओर एक आंख झपकने के लिए खूब हंगामा बरप चुका है.
बता दें कि संसद में भाषण देने के बाद राहुल गांधी राजस्थान के लिए रवाना हो गए हैं. राहुल गांधी को बुधवार यानी 9 अगस्त को बांसवाड़ा के मानगढ़ में कांग्रेस की एक सभा में हिस्सा लेना है. पार्टी ने राष्ट्रीय आदिवासी दिवस के मौके पर सभा का आयोजन किया है जिसे राहुल संबोधित भी करेंगे.
वीडियो: राहुल गांधी नारेबाजी के बीच संसद में अडानी पर क्या-क्या बोले? हंगामा शुरू हो गया

