राघव चड्ढा ने संसद में जो लाइन चिपकाई, पाकिस्तानी सांसद पहले ही बोल चुकी थीं
Raghav Chadha का एक वीडियो सामने आया है. वो Rajya Sabha में उपसभापति से समय मांग रहे हैं और शायराना अंदाज में कुछ-कुछ कह रहे हैं.

राघव चड्ढा. आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद. राघव चड्ढा का एक वीडियो वायरल (Raghav Chadha Viral Video) हो रहा है. वो राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश से उन्हें समय देने की मांग कर रहे हैं. इसी दौरान शायराना अंदाज में कुछ कह जाते हैं. राघव चड्ढा शायराना अंदाज में जो कुछ कहते हैं, ठीक वही पाकिस्तान की संसद में कहा जा चुका है. सबकुछ विस्तार से जानते हैं.
राघव चड्ढा का जो वीडियो सामने आया है, वो 2 जुलाई का है. राज्यसभा में वो अपनी बात रख रहे थे. इसी दौरान वो उपसभापति से समय मांगते हैं और कहते हैं-
"वक्त ऐसे मत दीजिए कि भीख लगे, बाकी जैसा आपको ठीक लगे"
वीडियो देखिए-
अब आगे चलते हैं. पाकिस्तान की एक महिला हैं. नाम है- सायरा बानो. सायरा बानो साल 2018 से 2023 तक पाकिस्तान की सांसद रही हैं. सांसद रही हैं तो जाहिर है कि पाकिस्तानी संसद में समय-समय पर अपनी बात भी रखी है. इन्हीं बहसों में से किसी एक बहस की एक छोटी सी क्लिप अक्सर वायरल होती रहती है. इस क्लिप में सायरा कहती नजर आती हैं,
"वक्त ऐसे मत दीजिए कि भीख लगे, बाकी जैसा आपको ठीक लगे"
अब सायरा बानो ने ये बात किसी दूसरे संदर्भ में ही कही होगी. लेकिन इंस्टाग्राम की जनता अक्सर उनके इस संदर्भ को गायब कर देती है. बात सीधे-सीधे टूटे दिलों के दर्द पर आ जाती है. वीडियो पोस्ट करने वाले शिकायती लहजे के साथ अपना दर्द बयां करते हैं. समय दिए जाने की मांग करते हैं. खैर, अब हम यहां ज्यादा कुछ नहीं लिखेंगे. बात कहीं की कहीं निकल जाएगी. विषयांतर हो जाएगा. राजनीति में प्रेम की एंट्री हो जाएगी.
ये भी पढ़ें- 'राघव चड्ढा विजय माल्या की तरह इंग्लैंड भाग गए... ' इतना बोलने पर पंजाब में यू-ट्यूबर पर FIR हो गई
ऐसा हो सकता है कि राघव चड्ढा ने भी सायरा बानो की ये क्लिप देखी हो. उनको इतनी अच्छी लगी हो कि उनके जहन में रह गई. और अब जब सही मौका मिला तो बाहर आ गई हो. जो भी हो, हम तो सिर्फ कयास लगा सकते हैं. खैर, संसद में ये सब चलता रहना चाहिए. माहौल थोड़ा लाइट रहता है. दर्शक भी बोर नहीं होते. नेताओं को भी मजा ही आता होगा. ये भी सिर्फ एक कयास ही है.
वीडियो: NEET को लेकर राघव चड्ढा ने संसद में उठाए सवाल, 'IPL' की चर्चा क्यों आ गई?

