The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • questions related to islam were asked in the sanskrit paper of bihar school bjp objected

संस्कृत के पेपर में पूछे गए ईद और रोजा पर सवाल, BJP बोली- 'संस्कृत का भी इस्लामीकरण हो गया'

बिहार में संस्कृत के पेपर में इस्लाम से जुड़े 10 सवाल पूछे जाने पर BJP ने आपत्ति जताई है. मुंगेर के BJP विधायक ने कहा है कि वो इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएंगे.

Advertisement
pic
pic
सुरभि गुप्ता
| रोहित कुमार सिंह
28 अक्तूबर 2023 (अपडेटेड: 28 अक्तूबर 2023, 11:32 AM IST)
Giriraj Singh  objection on questions related to Islam in Sanskrit paper
केंद्रीय मंत्री और BJP नेता गिरिराज सिंह ने संस्कृत के उस पेपर की तस्वीर X पर शेयर की (फाइल फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

बिहार का शिक्षा विभाग स्कूलों में हर महीने एग्जाम करा रहा है. अक्टूबर महीने के एग्जाम का एक पेपर सुर्खियों में है. पेपर संस्कृत विषय का है. 9वीं क्लास का. बवाल इसलिए हो रहा है कि इसमें 10 सवाल ईद और रोज़ा पर पूछे गए. केंद्रीय मंत्री और BJP नेता गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने संस्कृत की परीक्षा में इस्लाम से जुड़े सवाल पूछे जाने पर आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि बिहार में संस्कृत का भी इस्लामीकरण हो गया. वहीं, मुंगेर के BJP विधायक ने कहा है कि वो इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएंगे. इन आरोपों के जवाब में एक JDU नेता ने कहा है कि संस्कृत को सिर्फ हिंदू धर्म का प्रतीक क्यों समझा जाता है.

वो सवाल जिन पर हो रहा बवाल

मामला मुंगेर के सरकारी स्कूल में 9वीं क्लास की संस्कृत परीक्षा से जुड़ा है. आजतक के रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, संस्कृत के पेपर में इस्लाम से जुड़े कुल 10 सवाल पूछे गए. मसलन,

1. 'इफ्तार' क्या होता है?
2. रोजा किस समय खोला जाता है? क्या देख कर खोल जाता है?
3. फितरा किसे कहते हैं?
4. ईद में क्या-क्या पकवान बनता है?
5. ईद कैसा पर्व है? 
6. जकात किसे कहा जाता है?
7. मुसलमान का सर्वोत्तम पर्व कौन सा है?
8. ईद में क्या-क्या पकवान बनता है?
9. ईद में क्या-क्या होता है?
10. ईद पर्व क्या संदेश देता है?

ये भी पढ़ें- संस्कृत एग्जाम में टॉप कर गया मुस्लिम लड़का, बचपन से ही था सब्जेक्ट में इंटरेस्ट

गिरिराज सिंह ने पेपर की तस्वीर डालते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर लिखा,

"बिहार में संस्कृत का भी इस्लामीकरण हो गया. बिहार के सरकारी स्कूलों में संस्कृत की परीक्षा में पूछे गए इस्लाम पर सवाल, एक प्रश्न पत्र में ऐसे 10 सवाल."

किताब के चैप्टर से ही लिए गए हैं सवाल

आजतक के गोविंद कुमार की रिपोर्ट में बताया गया कि 9वीं क्लास के संस्कृत की बुक में 15 चैप्टर हैं. इसमें 10वां चैप्टर 'ईद महोत्सव:' है. 26 अक्टूबर को हुई संस्कृत की परीक्षा में इसी चैप्टर से 10 सवाल पूछे गए थे. बताया गया कि पेपर शिक्षा विभाग की ओर से ही उपलब्ध कराया जाता है. इस मामले पर मुंगेर के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक सुभ्रो सान्याल से आजतक ने फोन पर बात की. सान्याल ने कहा कि वो इस पर कुछ नहीं बता सकते हैं, ये सरकार से जुड़ा सवाल है और इस पर इस पर सरकार को ही फैसला लेना है.

ये भी पढ़ें- बिहार जातिगत सर्वे: सुप्रीम कोर्ट ने 'ट्रांसजेंडर' को जाति मानने से क्यों इनकार किया?

वहीं मुंगेर के 'जनता उच्च विद्यालय, तौफिर' के एक टीचर पंकज रंजन ने बताया कि 9वीं क्लास में संस्कृत की किताब 'पीयूषम' पढ़ाई जाती है. इस किताब का पहला संस्करण 2009 में जारी हुआ था और तब से ये किताब 9वीं क्लास को पढ़ाई जाती है. उन्होंने बताया कि किताब के 10वें अध्याय में ईद के बारे में जानकारी दी गई है. उन्होंने कहा कि हर महीने होने वाली परीक्षा के कारण किसी विषय पर ज्यादा फोकस हो गया और एक अध्याय से ज्यादा सवाल पूछ लिए गए.

BJP विधायक बोले- 'विधानसभा में उठाएंगे मुद्दा'

मुंगेर के BJP विधायक प्रणव कुमार ने कहा है कि यह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. प्रदेश का माहौल बिगड़ने का प्रयास किया जा रहा है. संस्कृत की परीक्षा में इस तरह के सवाल नहीं किए जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र में वो इस मुद्दे को उठाएंगे. साथ ही संस्कृत की किताब से इस चैप्टर को हटाने की मांग की जाएगी.

वहीं मुंगेर में JDU के जिला अध्यक्ष नचिकेता मंडल ने कहा कि क्या अंग्रेजी की पढ़ाई में दशहरा पर निबंध नहीं लिखा जाता. उन्होंने कहा कि संस्कृत को भाषा की जगह सिर्फ हिंदू धर्म का प्रतीक क्यों समझा जाता है. अगर संस्कृत का विकास करना है, तो अलग-अलग विषयों की पढ़ाई संस्कृत में होनी चाहिए.

वीडियो: पंकज त्रिपाठी ने बिहार में सिनेमा के लिए क्या प्लान बनाया? भोजपुरी इंडस्ट्री पर ये बोले

Advertisement

Advertisement

()