पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह बन सकते हैं महाराष्ट्र के अगले गवर्नर
मौजूदा गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी की जगह ले सकते हैं कैप्टन अमरिंदर.

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh) महाराष्ट्र के अगले राज्यपाल (Maharashtra Governor) बन सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में इस बात की संभावना जताई जा रही है. कैप्टन अमरिंदर सिंह महाराष्ट्र के मौजूदा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Bhagat Singh Koshyari) की जगह ले सकते हैं. कैप्टन कुछ समय पहले ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे. उन्होंने अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भी BJP में विलय कर दिया था.
इससे पहले राज्य के मौजूदा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने अपने पद से हटने की इच्छा जताई थी. भगत सिंह कोश्यारी साल 2019 में महाराष्ट्र के गवर्नर बने थे. इस पद पर उनका अभी तक का कार्यकाल कई विवादों से घिरा रहा है.विपक्षी दलों ने उनके ऊपर महाराष्ट्र का अपमान करने और इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने के आरोप लगाए. इधर, कैप्टन अमरिंदर सिंह को हाल ही में BJP की 83 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया था.
रैली होने वाली थीमीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 29 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पंजाब के पटियाला में रैली होने वाली थी. कैप्टन अमरिंदर सिंह भी इस रैली में हिस्सा लेने वाले थे. रैली के लिए पूरी तैयारियां हो गई थीं. बताया जा रहा है कि कैप्टन इस रैली के जरिए पंजाब में शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे थे. हालांकि, अब बताया जा रहा है कि इस रैली को आगे बढ़ा दिया गया है. जिसके बाद इन चर्चाओं को और जोर मिला है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह को महाराष्ट्र का गवर्नर बनाया जा सकता है.
इससे पहले, कांग्रेस पार्टी से अलग होने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस के नाम से अपनी अलग पार्टी बनाई थी. उन्होंने साल 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ा था. हालांकि, उनकी पार्टी के किसी भी उम्मीदवार को जीत नहीं मिली थी. कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पिछले साल सितंबर में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था. उन्होंने अपनी पार्टी का भी BJP में विलय कर दिया था.
वीडियो: उद्धव सरकार ने राज्यपाल कोश्यारी को सरकारी जहाज में क्यों नहीं चढ़ने दिया?

