"अमेरिका में हूं, मुझसे गहना खरीदोगी?" - 24 साल की लड़की को ठग लिया, पता है कितने पैसे लूटे?
सोना भेज रहा हूं, कस्टम से पकड़ लेना!

पुणे (Pune) की एक 24 साल महिला ठगी का शिकार हो गई. ठगों ने उससे 11.5 लाख रुपए चुरा लिए. महिला के साथ ठगी करने वालो ने खुद को कस्टम अफसर बताया. जिन्होंने सोशल मीडिया ऐप के जरिए महिला के साथ ठगी की. महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. मामले की जांच की जा रही है.
क्या है मामला?ठग और उनके आयडिया एकदम नए और नवेले होते हैं. कोई खुद को अंतरिक्ष यात्री बता अंतरिक्ष में घुमाने के नाम पर लाखों रुपए लेकर फरार हो जाता है. तो कोई कभी चांद पर जमीन दिलाने वाला ब्रोकर बन जाता है. ताजमहल को भी नीलाम करवाया जा चुका है.
अब जमाना डिजिटल है, तो ठगों का तरीका भी डिजिटल है.
खबर है इंडियन एक्सप्रेस की. रिपोर्ट के मुताबिक पुणे की एक महिला हैं, जो पेशे से इंजीनियर हैं. काम करती हैं मल्टीनेशनल कंपनी के लिए. उनके साथ ऑनलाइन ठगी हो गई.
बात जनवरी 2023 के दूसरे हफ्ते की है. उन्हें इंस्टाग्राम पर एक शख्स मिला. उसने बताया कि वो भारतीय है, मगर अमेरिका में रहता है. बातचीत हुई, बात आगे बढ़ी. नंबर शेयर हुए. फिर बात इंस्टाग्राम से व्हाट्सएप पर होने लगी. जब ठग को लगा कि हां अब मामला कंट्रोल में है, तो उसने महिला को ऑफर दिया. पूछा - “सोने और डायमंड जूलरी खरीदोगी?”
महिला का भरोसा और मजबूत हुआ.
ठग ने आगे बताया कि उसने पोलैंड से सोने और हीरे के जवाहरात खरीदे हैं. और वो महिला को कंसाइमेंट भेज रहा है. जिसमें खरीदे हुए जवाहरात समेत विदेशी मुद्रा में कुछ कैश हैं. इसके बाद ठग ने महिला को कस्टम क्लियरेंस का प्रोसेस पूरा करने के लिए कहा.
बस यही था ट्रिपिंग प्वाइंट.
महिला को पास आए दिन कॉल आने लगे. कॉल करने वाले खुद को कस्टम अफसर बताते थे और महिला से पैसे मांगते. फिर पैसे निकलवाने की बारी आई तो बताया कि कस्टम ड्यूटी चुकानी है, कोर्ट फीस भरनी है, मनी लॉन्ड्रिंग चेक चार्ज भी भरना है, पुलिस वेरिफिकेशन की फीस भरनी है, ट्रांसफर चार्ज भी चुकाना है, इंश्योरेंस का पैसा भी देना है, स्टांप चार्ज भी देना है.
कई बहाने आए, महिला बहानों में फंसती गई. अच्छी खासी रकम महिला ने जमा कर दी. लगभग साढ़े 11 लाख रुपये.
महिला को एहसास हुआ कि वो ठगी का शिकार हो गई है तो वो पुलिस के पास पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज करवाई. मंगलवार 7 फरवरी, को महिला ने पुणे के वाकड़ पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने धोखाधड़ से संबंधित IPC धाराओं समेत IT एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.
अरेस्ट की अभी तक कोई खबर नहीं. पोलैंड वाले हीरे-जवाहरात की भी कोई खबर नहीं.
वीडियो: जामताड़ा साइबर क्रिमिनल की पूरी कहानी लल्लनटॉप पर देखिए

