The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Portion of Delhi-Mumbai Expressway in Rajasthan Dausa caves in Video viral

Video: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा धंसा, अधिकारी बोले- बारिश के कारण गड्ढा हुआ

दौसा क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही ठेकेदार ने उस क्षेत्र में बैरिकेडिंग की और गड्ढे की मरम्मत शुरू कर दी गई.

Advertisement
pic
17 सितंबर 2024 (पब्लिश्ड: 10:50 PM IST)
Delhi-Mumbai Expressway
दौसा क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के मुताबिक गड्ढे को ठीक कर दिया गया है. (फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क का एक हिस्सा धंस गया. इससे एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा सा गड्ढा बन गया. एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले लोगों ने गड्ढे का वीडियो भी बनाया है. एक वीडियो में बीच सड़क एक गहरा गड्ढा दिखाई दे रहा है. वहीं एक दूसरा वीडियो बुलडोजर द्वारा सड़क पर से मलबा हटाने का है.

आजतक के हिमांशु शर्मा और संदीप मीणा की रिपोर्ट के मुताबिक ये गड्ढा चैंबर नंबर 182.3 के पास बना. दौसा क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के प्रोजेक्ट डायरेक्टर बलवीर यादव ने बताया कि पानी के रिसाव के कारण सड़क धंस गई. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही ठेकेदार ने उस क्षेत्र में बैरिकेडिंग की और गड्ढे की मरम्मत शुरू कर दी गई. उनके मुताबिक गड्ढे को ठीक कर दिया गया है.

ये भी पढ़ें- एक्सप्रेस वे पर कार उछलने का वीडियो आया था, इंजीनियर बर्खास्त, ठेकेदार पर तगड़ा जुर्माना लगा

प्रोजेक्ट डायरेक्टर बलवीर यादव के मुताबिक,

"पानी के रिसाव की वजह से चेंबर नंबर 182.3 पर सड़क धंस गई और गहरा गड्ढा हो गया. मामले की जानकारी मिलते ही ठेकेदार ने उस क्षेत्र में बैरिकेडिंग की और उस गड्ढे को ठीक किया गया. बारिश के कारण सड़क लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है, इसलिए इसकी मरम्मत का काम भी जारी है."

1,350 किलोमीटर से लंबा, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है. इसे दोनों शहरों के बीच यात्रा के समय को मौजूदा 24 घंटों से घटाकर सिर्फ 12-13 घंटे करने के लिए तैयार किया जा रहा है. ये एक्सप्रेसवे हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से होकर गुज़रता है.

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस साल 31 जुलाई को राज्यसभा में एक लिखित जवाब में बताया था कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है. उनके मुताबिक इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में कम से कम एक साल और लगेगा.

कुछ दिन पहले ही दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे का एक वीडियो आया था. वीडियो में गाड़ियां सड़क की किसी खामी के कारण हवा में उछलती दिख रही थीं. इस मामले में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने  इंजीनियर को बर्खास्त कर ठेकेदार पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

वीडियो: पुलिस की गाड़ी सामने ही थी, लेकिन फिर भी बीच सड़क मर्सिडीज़ में तोड़-फोड़ करते रहे आरोपी

Advertisement

Advertisement

()