"ड्रोन, हेलीकॉप्टर और..."- कश्मीर में छिपे 7 आतंकियों के खिलाफ सेना ने बड़ा ऑपरेशन शुरू किया
पुंछ में पांच जवानों को मारने वाले आतंकियों की अब खैर नहीं!

पुंछ में भारतीय सेना के जवानों पर हुए हमले को लेकर नई जानकारी सामने आई है. आतंकी वारदात वाली जगह के आसपास दो ग्रुप के 6 से 7 आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में पता चला है. इन्हीं आतंकवादियों ने घात लगाकर भारतीय सेना की गाड़ी पर हमला किया, जिसमें 5 जवान शहीद हो गए (Terror Attack on Army Truck Poonch). ट्रक पर पहले ग्रेनेड फेंके गए, फिर तीन तरफ से फायरिंग की गई, जिसके चलते ट्रक के फ्यूल टैंक में आग लग गई.
डिफेंस सूत्रों से पता चला है कि भारतीय सेना ने ड्रोन और निगरानी हेलीकाप्टरों के साथ कई स्पेशल बल टीमों का गठन किया है. ऑपरेशन के तहत सेना, पुलिस और खुफिया एजेंसियों की टीम मिलकर काम करेंगी. सूत्रों का कहना है कि हमले में शामिल आतंकी पाकिस्तान से हैं और संदेह है कि वो लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य हैं. क्षेत्र में वो कैसे घुसे उसका पता लगाया जा रहा है. वहां बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चल रहा है. वहां कई गुफा जैसी संरचनाएं भी मौजूद हैं.
इससे पहले भारतीय सेना की 16 कॉर्प्स ने ट्विटर पर जानकारी शेयर करते हुए शहीद जवानों के नाम बताए थे. हवलदार मनदीप सिंह, लांस नायक देबाशीष बसवाल, लांस नायक कुलवंत सिंह, सिपाही हरकृष्ण सिंह और सिपाही सेवक सिंह इस आतंकी हमले में शहीद हो गए.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रक में जवान सब्जी और अन्य सामान लेकर जा रहे थे. सेना की तरफ से बताया गया है कि आतंकियों ने भारी बारिश और कम विजिबिलिटी का फायदा उठाकर हमला किया था. हमला 2021 में सेना और आतंकियों के बीच हुई एक मुठभेड़ वाली जगह के पास हुआ है.
हमले के बाद से इलाके में भारतीय सेना ने घेराबंदी कर ली है और आतंकियों की तलाशी भी शुरू कर दी है. जानकारी आई है कि नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी पुंछ पहुंच गई है. एजेंसी ने घटना की जांच शुरू कर दी है. वहीं जम्मू-कश्मीर के DGP दिलबाग सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं.
वीडियो: दिग्विजय सिंह ने जम्मू-कश्मीर जम्मू-कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक पर ऐसा क्या कहा कि बवाल हो गया?

