2030 तक भारत-अमेरिका व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य, विदेश सचिव ने PM मोदी के दौरे की सारी जानकारी दी
PM Modi US Visit: प्रधानमंत्री Narendra Modi और Donald Trump के बीच कई मामलों को लेकर बातचीत हुई है. विदेश सचिव ने PM मोदी की विदेश यात्रा के बारे में कई जानकारियां दी हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी दौरे (PM Modi US Tour) पर हैं. उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से मुलाकात की है. इस बीच विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री (Vikram Misri) ने प्रधानमंत्री के इस दौरे की विस्तार से जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रीय खुफिया विभाग की नवनियुक्त निदेशक तुलसी गबार्ड, एलन मस्क और उद्यमी विवेक रामास्वामी ने PM मोदी से मुलाकात की.
विदेश सचिव ने कहा,
उनसे कई विषयों पर चर्चा हुई. जैसे- सामरिक और सुरक्षा सहयोग, रक्षा, व्यापार, आर्थिक जुड़ाव, टेक्नोलॉजी, उर्जा, क्षेत्रीय और ग्लोबल मुद्दे…
उन्होंने आगे कहा कि डॉनल्ड ट्रंप और PM मोदी ने संयुक्त रूप से, 21वीं सदी के लिए यूएस इंडिया कॉम्पैक्ट का शुभारंभ किया. इस कॉम्पैक्ट का उद्देश्य है, अधिक अवसर बनाना और सैन्य साझेदारी से व्यापार और निवेश के क्षेत्र को गति देना. विक्रम मिस्त्री ने कहा,
उदाहरण के लिए, नेताओं ने मिशन 500 लॉन्च किया जिसका लक्ष्य 2030 तक दोतरफा व्यापार को दोगुना से अधिक करके 500 बिलियन डॉलर (43 लाख करोड़ से ज्यादा) करना है. इस द्विपक्षीय व्यापार समझौते की पहली किश्त पर 2025 में बातचीत का एलान किया गया है. इस पर और विस्तार से चर्चा होगी. चर्चा में बाजार तक पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ टैरिफ से जुड़े मामले भी होंगे.
ये भी पढ़ें: F35 से लेकर तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर बात, पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच क्या-क्या चर्चा हुई?
दोनों देशों ने एक-दूसरे के उद्योगों में ग्रीन फील्ड निवेश करने में भी दिलचस्पी दिखाई है. विदेश सचिव ने कहा,
दोनों नेताओं ने 21वीं सदी में अमेरिका-भारत डिफेंस पार्टनरशिप के लिए 10 साल के एक नए फ्रेमवर्क की घोषणा की है. ये 2025 से 2035 तक चलेगा. इस साल के अंत में इसे अंतिम रूप दिया जाएगा.
अमेरिका पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, फ्रांस की राजधानी पेरिस पहुंचे थे. वहां उन्होंने एआई समिट में हिस्सा लिया. विक्रम मिस्त्री ने इसकी भी जानकारी दी. उन्होंने कहा,
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हर किसी के दिमाग में है. हमने अभी-अभी पेरिस में एआई एक्शन समिट की थी, जिसकी सह-अध्यक्षता प्रधानमंत्री ने की. नेताओं ने भारत और अमेरिका के प्राइवेट सेक्टर्स को एक साथ लाने और साल के अंत तक एआई के बुनियादी ढांचे में तेजी लाने पर भी बात की.
भारत इस साल के अंत में क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा और प्रधानमंत्री मोदी ने इसके लिए राष्ट्रपति ट्रंप को निमंत्रण दिया है.
वीडियो: दुनियादारी: पिछली बार हाउडी मोदी, इस बार पीएम मोदी के अमेरिका दौरे पर क्या होगा?

