नरेंद्र मोदी को बिठाकर ट्रेन चलाने वाली ये ड्राइवर कौन है?
ट्रेन में पीएम, सीएम और डिप्टी सीएम बैठे हुए थे

पीएम मोदी को मेट्रो में घुमाने वाली ट्रेन पायलट ने अपना एक्सपीरिएंस शेयर किया है. 27 साल की तृप्ति शेटे पिछले तीन साल से नौकरी की तलाश में थी. अब उन्हें मुंबई मेट्रो में नौकरी मिली है. वो बतौर ट्रेन पायलट ट्रेनों का संचालन करेंगी (PM Modi Mumbai Metro Driver). गुरुवार, 19 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंधेरी के गुंदावली स्टेशन में मुंबई मेट्रो लाइन के दूसरे फेज का उद्घाटन किया.
इस दौरान पीएम ने मेट्रो से सफर भी किया और उनकी ड्राइवर बनी तृप्ति. तृप्ति ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया,
“मैं बहुत उत्साहित और खुश थी कि मुझे ट्रेन चलाने का अवसर मिला वो भी तब पीएम, सीएम और डिप्टी सीएम ने मेट्रो में यात्रा की. ये मेरे लिए सम्मान की बात थी. आज मेरे माता-पिता और परिवार के अन्य सभी सदस्यों को मुझ पर गर्व है. वो सभी बहुत खुश हैं.”
रिपोर्ट के मुताबिक, तृप्ति औरंगाबाद की रहने वाली हैं और एक मिडिल क्लास फैमिली से आती हैं. इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया फिर 2020 में तृप्ति ने हैदराबाद में मेट्रो ट्रेन पायलट बनने की ट्रेनिंग ली. ट्रेनिंग छह महीने की थी. फिर तृप्ति ने मुंबई से भी ट्रेनिंग ली. तृप्ति ने बताया,
“इंजीनियरिंग की डिग्री पूरी करने के बाद तीन साल तक मुझे नौकरी पाने के लिए स्ट्रगल करना पड़ा. फिर 91 पायलटों में से मुझे पीएम के लिए मेट्रो चलाने का मौका मिला. ये मेरे लिए बड़ी बात है. मुझे लगता है कि मेरा स्ट्रगल और कड़ी मेहनत रंग लाई है.”
रिपोर्ट के मुताबिक, तृप्ति ने पिछले साल अप्रैल में मेट्रो के पहले चरण की उद्घाटन सवारी के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात की थी.
गुरुवार को शाम करीब 7 बजे पीएम मोदी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के साथ तृप्ति शेटे की ट्रेन से मोगरा स्टेशन पहुंची. 2.4 किमी की दूरी तय कर ट्रेन वापस गुंदावली स्टेशन लौट गई. मेट्रो में सवारी के दौरान पीएम ने छात्रों, मेट्रो कर्मचारियों और कुछ अन्य लोगों के साथ बातचीत की.
वीडियो: केजरीवाल ने केसीआर की रैली में पीएम मोदी पर बड़े आरोप लगा दिए

