पैसेंजर सोचते रहे प्लेन अब उड़ा अब उड़ा, पता चला पायलट दूसरी एयरलाइन की फ्लाइट में है
प्लेन लेट होने के कई कारण सुने होंगे लेकिन इस बार आयरनी की इंतिहा हो गई.

हवाई जहाज किसी भी कारण से लेट हो सकते हैं. ईंधन का भरना हो. ग्राउंड स्टाफ को कुछ करना हो. मौसम की मार हो. कॉल आए चार हों. कर्मचारियों की हड़ताल हो, स्टाफ ही दो-चार हों. कबूतरों की कुड़माई से लेकर सामान की लदाई तक, कोहरा बने मोहरा या एयर ट्रैफिक हो जाए दोहरा, कारण कुछ भी हो सकता है. लेकिन एक वायरल वीडियो में फ्लाइट लेट होने का ऐसा कारण पता चला कि इंसान सिर्फ हंस ही सकता है. Hemani Chawda नाम की इन्फ्लुएंसर ने एक वीडियो डाला, वीडियो को 30 लाख से ज़्यादा लोग देख चुके हैं.
वीडियो में वो बताती और दावा करती मिलती हैं कि “आपने फ्लाइट डिले होने के कई रीजन सुने होंगे लेकिन ये वाला रीजन ऐसा था, जिसे सुनकर जो इतनी भीड़ खड़ी है, वो हंसने लग गए. इतनी मजेदार वजह थी.” आगे उनके साथी बताते हैं कि "अकासा की ये फ्लाइट इसलिए डिले हुई क्योंकि इस फ्लाइट का पायलट इंडिगो में आ रहा है और इंडिगो की वो फ्लाइट डिले है."
हवाई जहाज से जुड़ा दावा हवाई नहीं था. अकासा का जवाब भी आया और उन्होंने कहीं भी इस दावे को नकारा नहीं. सिर्फ ये लिखा कि "हाय हेमानी, हम समझते हैं कि देरी निराश करती है और ईमानदारी से हमें भी असुविधा के लिए खेद है. हम आपको आश्वस्त करते हैं कि हम अपने द्वारा चलाई जा रही हर उड़ान के समय पर चलने का ध्यान रखते हैं और प्रदर्शन के रिकॉर्ड पर सतत नज़र बनाए रखते हैं. हमारी टीम देरी को कम कर सके या देरी से बच सके, इसके हरसंभव विकल्प का सावधानीपूर्वक मूल्यांकन करती है. लेकिन, कुछ फैक्टर्स हमारे नियंत्रण में नहीं हैं. हम आपकी अंडरस्टैंडिंग की आशा रखते हैं."

कमेंट में लोगों ने भी अपनी आपबीतियां बतानी शुरू कर दीं. नंदिनी नाम की यूजर का कहना था. "मेरी अमेरिकन एयरलाइन की फ्लाइट इसलिए लेट हुई क्योंकि उन्होंने ग़लत टैंक में ईंधन डाल दिया था."

सिल्वर लाइनिंग खोजी गई कि "कम से कम वो ईमानदार थे, वर्ना कह देते कि टेक्निकल इश्यू है और ये वीडियो कभी न आता."

एक यूजर ने किस्सा सुनाया कि "एक बार इंडिगो की फ्लाइट डिले हुई थी क्योंकि एरोब्रिज में मधुमक्खी का छत्ता था और स्टाफ एयरक्राफ्ट की सर्विस न कर सका. तो प्लेन को दूसरे गेट पर भेजना पड़ा. सिर्फ मधुमक्खियों के कारण."

बहुत से यूजर ऑफेंड भी हुए. एक यूजर ने लिखा, "दोस्तो, इन्हें एविएशन के बारे में कोई जानकारी नहीं है. ये प्रक्रिया का हिस्सा है. तो इन्हें बकने दें, कंटेंट के लिए कुछ भी बोलेंगे और डाल देंगे."

एक यूजर ने लिखा, "मुझे इसमें कुछ भी फनी नहीं लगा. जो लोग एविएशन की फील्ड में नहीं हैं, वो किसी भी चीज को फनी नहीं ठहरा सकते क्योंकि एक फ्लाइट की देरी में कई फैक्टर शामिल होते हैं. लेकिन कुछ लोग हैं. जो कूल बनने के लिए या कंटेंट के लिए वीडियो बनाते हैं."

आपने एक फ्लाइट के लिए भरपूर पैसे दिए और एयरपोर्ट पर पहुंच कर पता चलता है कि करोड़ों का कारोबार करने वाली कंपनी का हवाई जहाज खड़ा रह गया क्योंकि दूसरी फ्लाइट से आता पायलट, प्लेन के लेट होने के कारण पहुंचा नहीं. आप इसे क्या मानेंगे, फनी? प्रोसेस? आम बात? या लापरवाही? कमेंट बॉक्स में बताइए.
वीडियो: सोशल लिस्ट : बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे के बाद बांग्लादेश से कौन सी तस्वीरें वायरल?

