The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Pinky Chaudhary of Hindu Raksha Dal takes full responsibility of JNU violence

JNU में हुई हिंसा की घूम-घूमकर जिम्मेदारी ले रहे पिंकी भैय्या आखिर हैं कौन?

लगता है पिंकी भैय्या सबसे जिम्मेदार आदमी हैं.

Advertisement
pic
7 जनवरी 2020 (अपडेटेड: 7 जनवरी 2020, 11:06 AM IST)
Img The Lallantop
हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी. फोटो- PTI/वीडियो स्क्रीनशॉट.
Quick AI Highlights
Click here to view more

जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में 5 जनवरी की शाम जमकर बवाल हुआ. कुछ नकाबधारी गुंडों ने स्टूडेंट्स और टीचर्स पर हमला किया. उन्हें बुरी तरह पीटा. कैंपस के अंदर जमकर तोड़-फोड़ मचाई. घटना के बाद लेफ्ट संगठनों से जुड़े स्टूडेंट्स ने ABVP वालों के ऊपर आरोप लगाए, तो ABVP वालों ने लेफ्ट वालों के ऊपर. इस पूरी हिंसा में किसका हाथ था, इसकी जांच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है. खबर है कि जांच शुरू हो चुकी है.

इधर क्राइम ब्रांच अपराधी को खोज रही है, उधर एक महाशय खुल्लमखुल्ला दावा कर रहे हैं कि हिंसा उन्होंने ही करवाई थी. इन महाशय का नाम है पिंकी चौधरी उर्फ पिंकी भैय्या. HRD के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. नहीं-नहीं मानव संसाधन विकास मंत्रालय नहीं, बल्कि हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष हैं. इन्होंने अपने पोस्टर्स में हर जगह अपने दल के शॉर्ट फॉर्म HRD का इस्तेमाल किया है.

अब मुद्दे पर आते हैं. पिंकी भैय्या का एक वीडियो इस वक्त जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वो JNU हिंसा की जिम्मेदारी लेते हुए दिख रहे हैं. वो कह रहे हैं,

'हमारे देश में रहते हैं, हमारे देश में खाते हैं, हमारे देश में ही शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, ये क्या चाहते हैं? ये लोग हमारे देश में ऐसी गतिविधियां कर रहे हैं, जिसे हिंदू रक्षा दल बर्दाश्त नहीं करेगा. अगर हमारे यहां कोई देश विरोधी गतिविधियां करेगा, तो उसे इसी तरीके का जवाब दिया जाएगा, जैसा हमने कल शाम को दिया है. इसकी सारी जिम्मेदारी हम लोग लेते हैं. हमारे धर्म के खिलाफ गलत बोलते हैं, इनका व्यवहार गलत है. कई वर्षों से JNU कम्युनिस्टों का अड्डा है और ऐसे अड्डे हम लोग बर्दाश्त नहीं करते हैं. हम लोग अपने धर्म के लिए अपने प्राण देने के लिए तैयार रहते हैं, इसलिए ऐसी गतिविधियां हम लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे. अगर आगे भी किसी ने देश विरोधी गतिविधियां करने की कोशिश की, तो हम ऐसी ही कार्रवाई आगे भी यूनिवर्सिटियों में कराएंगे. हिंदू रक्षा दल का भूपेंद्र तोमर, पिंकी भैय्या ये जिम्मेदारी लेता है कि कल जो JNU में घटना हुई, वो सारे हमारे कार्यकर्ता थे. जो भारतमाता के लिए ऐसा काम भी नहीं कर सकता है, उसे इस देश में रहने का कोई अधिकार भी नहीं है. हम भारत माता के लिए अपने प्राण भी दे सकते हैं. जो भी धर्म के खिलाफ बोलेगा, हम बर्दाश्त नहीं करेंगे, आगे भी ऐसी कार्रवाई करेंगे.'

लगता है कि पिंकी भैय्या इस दुनिया के सबसे जिम्मेदार आदमी हैं. उन्होंने न केवल जिम्मेदारी लेने का वीडियो जारी किया है, बल्कि खुद मीडिया के सामने आकर भी दावा किया है. समाचार एजेंसी ANI को भी बयान दिया,

'JNU देश विरोधी गतिविधियों का एक बड़ा केंद्र है. हम अब ये सब सहन नहीं कर सकते. हम JNU में हुए हमले की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं. वो सारे लोग हमारे कार्यकर्ता थे.'

इसके अलावा पिंकी भैय्या ने एक दूसरे मीडिया हाउस को भी इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि लोग देश विरोधी नारे लगाने वालों के समर्थन में हैं. जब उनसे पूछा गया कि JNU में जिन्होंने हिंसा की थी, अगर वो उनके कार्यकर्ता थे, तो एक-दो लोगों के नाम ही बता दें. इस पर पिंकी भैय्या ने कहा कि वो अभी नहीं बताएंगे, समय आने पर पता चल जाएगा. आगे कहा, 'हिंदू हित, देश हित के लिए हम लड़ते आए हैं. आखिरी सांस तक लड़ेंगे.'

जब उनसे पूछा गया कि अगर JNU हिंसा में उनके कार्यकर्ता ही शामिल थे, तो वो कोई सबूत तो दे दें. इस पर उन्होंने कहा साफ तौर में कुछ नहीं कहा, गोल-गोल घुमाते गए. उनसे जब ये पूछा गया कि JNU के् स्टूडेंट्स एक दूसरे छात्र संघ पर आरोप लगा रहे हैं, तो वो ऐसा कैसे कह सकते हैं कि उनके कार्यकर्ता इसमें शामिल थे. इस पर भी उन्होंने साफ-साफ जवाब नहीं दिया था. यहां भी गोल-गोल घुमा दिए.

अब भैय्या, पिंकी भैय्या इतना उचक-उचककर दावा कर ही रहे थे, तो एक्शन लेना बनता ही था. उनके दावे का वीडियो और ANI में दिया बयान सामने आने के बाद सरकारी सूत्रों की तरफ से भी कुछ जानकारी मिली है. ये कि दिल्ली पुलिस ने पिंकी भैय्या की बात सुन ली है और उनके दावों पर जांच की जा रही है.


वीडियो देखें:

Advertisement

Advertisement

()