ये कौन बंदा था जो प्लेन में पान मसाला थूककर चलता बना और इंटरनेट पर अमर हो गया!
एक IAS अधिकारी ने इसका फोटो शेयर किया है.

‘यहां थूकना मना है.’
ये संदेश आपने कई जगहों पर लिखा देखा होगा. इसे लिखने का एक ही कारण है जो आपको गाहे-बगाहे सरकारी दफ्तर की दीवारों पर या सड़क के किनारे पर दिख ही जाएगा. वही पान मसाले खाकर पीक मारने की परंपरा. इस परंपरा को पान मसाले के शौकीन लोग इतनी तल्लीनता से निभाते हैं जैसे साफ-सफाई से उनका कोई लेना-देना न हो और पीक मारना उनका कर्तव्य हो. खैर ‘अब यहां थूकना मना है’ वाला बोर्ड हर जगह तो लगाया नहीं जा सकता है, खासकर प्लेन में तो बिल्कुल नहीं. वहां तो लोग गंदगी फैलाने से भी डरते हैं. लेकिन कुछ महानुभाव ऐसे होते हैं जो प्लेन में भी गंद फैलाने से नहीं चूकते.
असल में हुआ ये है कि ऐसे ही एक पीक मारने वाले शख्स ने प्लेन में भी अपनी छाप छोड़ी है. और उस छाप की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है. तस्वीर शेयर करना वाला शख्स भी कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि एक IAS अधिकारी है. नाम है अवनीश शरण. उन्होंने एक फोटो ट्वीट किया है जो जमकर वायरल हो रहा है. फोटो में प्लेन की खिड़की के नीचे पान मसाले का पीक दिख रहा है. फोटो के साथ IAS अधिकारी ने लिखा,
‘निशाना चूक गया’अपनी पहचान छोड़ दी किसी ने.
अब इस क्रिया को लेकर लोगों के प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं. कई लोग फोटो देखकर गुस्साए तो कइयों ने इस पर तंज भी किया. तो किसी ने मीम का सहारा लेकर मजे लिए. IPS अधिकारी सूरज सिंह परिहार ने ट्वीट कर लिखा,
अपनी परवरिश, संस्कार और संसार ऐसे कौन पीछे छोड़ता है?!?!?!
एक पैरोडी अकाउंट ने पीक मारने वाले पर कार्रवाई की मांग की. लिखा,
अक्षम्य. ऐसा करने वाले का पता लगाया जा सकता है. इसे दंडित कर पेनल्टी लगाई जा सकती है. प्लीज इसे लेकर जल्दी कार्रवाई करें.
पवन जिंदन ने इमोजी शेयर करते हुए लिखा,
बोलो जुबां केसरी
रजनीश जैन नाम के यूजर ने ऐसे शख्स पर बैन की मांग कर डाली. उन्होंने लिखा,
‘जो ये ऐसा करते हैं उनकी शर्ट उतारकर उनसे साफ कराना चाहिए और लाइफटाइम के लिए फ्लाइट से बैन कर देना चाहिए.’
जयशील विजय नाम के यूजर ने मजाकिया लहजे मे लिखा,
‘वो तो आसमान को लाल करना चाहता था लेकिन निशाना चूक गया.’
फोटो को लेकर कई लोग उन सुपरस्टार्स को भी ट्रोल कर रहे हैं जो किसी न किसी पान मसाला ब्रांड के लिए सरोगेसी एडवर्टाइजमेंट करते हैं. चलिए लोगों के रिएक्शन तो आते रहेंगे लेकिन जाते-जाते हमारी आपसे यही अपील है कि अपने आस-पास सफाई का ध्यान रखें और अगर कोई गंदगी फैलाए भी तो उसे रोके-टोकें.

