ट्रक और दूध के टैंकर की टक्कर से ड्राइवर की मौत, लोग दूध लूटते रहे
घटना के बाद दूध के टैंकर के पास लोगों की भीड़ लग गई. वे सभी आगे आए. सड़क पर पड़े घायल शख्स को बचाने नहीं, बल्कि टैंकर से दूध भरने के लिए. इसका वीडियो भी सामने आया है जिसमें दिख रहा है कैसे लोग टैंकर से एकाध लीटर दूध मारने के लिए होड़ मचाए हुए हैं.

घटना यूपी के गाजियाबाद की है. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ABES इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एक हादसा हुआ. एक ट्रक और एक मिल्क टैंकर टकरा गए. इस टक्कर में ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर घायल हो गया. वो जख्मी हालत में सड़क पर पड़ा था. वहीं टक्कर से मिल्क टैंकर का दूध रास्ते पर फैल गया. इसके बाद जो हुआ उसने इस घटना को खबर बना दिया.
हुआ ये कि घटना के बाद दूध के टैंकर के पास लोगों की भीड़ लग गई. वे सभी आगे आए. दुर्घटना के पीड़ितों की सुध लेने नहीं, बल्कि टैंकर से दूध भरने के लिए. इसका वीडियो भी सामने आया है जिसमें दिख रहा है कैसे लोग टैंकर से एकाध लीटर दूध मारने के लिए होड़ मचाए हुए हैं.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक हादसा सुबह करीब 3.30 बजे क्रॉसिंग रिपब्लिक के पास ABES इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने हुआ है. गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि दूध का टैंकर क्रेन से लगे ट्रक से आगे था और दोनों एक्सप्रेसवे लेन पर दिल्ली से गाजियाबाद की ओर जा रहे थे. एडिशनल डिप्टी कमीशनर (ट्रैफ़िक) पीयूष कुमार सिंह ने बताया,
"दूध का टैंकर ट्रक के आगे तेज गति से जा रहा था. जैसे ही वे ABES कॉलेज के पास पहुंचे, दूध के टैंकर का टायर पंक्चर हो गया और ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. इससे ट्रक जो टैंकर से ठीक पीछे था. वह दूध के टैंकर से टकरा गया. ट्रक का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया."
मृतक ट्रक ड्राइवर की पहचान प्रेम सागर के रूप में हुई है. वह बिहारीपुरा, गाजियाबाद का रहने वाला था. घायल हेल्पर की पहचान दीनू के रूप में हुई है, जो हापुड़ का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि उसका गाजियाबाद के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: 810 किलो सोना लेकर जा रहा था ट्रक, ऐसी वजह से पलटा कि वीडियो वायरल हो गया
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में दूध टैंकर के चालक को कोई चोट नहीं आई. बाद में, जब दुर्घटना की खबर फैली, तो आस-पास के इलाकों से लोग टैंकर से दूध की बाल्टियां/बोतलें भरकर ले जाने लगे. शाम को, दूध के टैंकर के पास लोगों की भीड़, बाल्टियां, बोतलें और डिब्बे दूध से भरने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया गया.
वीडियो वायरल होने के बाद विजय नगर के SHO बृजेश सिंह ने कहा,
"ट्रक ड्राइवर की दुर्घटना में मौत हो गई. लेकिन हमें अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है. इसलिए अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है. जहां तक हमें पता है, टैंकर में रखा दूध कंपनी के कर्मचारी ले गए थे. हालांकि, हम चोरी के आरोपों की जांच करेंगे."
पुलिस ने कहा है कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है. आगे की जांच की जा रही है.
वीडियो: 'देश का नुकसान हुआ है, अपील करेंगे', विनेश फोगाट पर बृजभूषण के बेटे ने क्या-क्या कहा?

