The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Pakistan Train Blast suicide attack quetta train Baloch Liberation Army claimed responsibility

पाकिस्तान में फिर टारगेट पर 'जाफर एक्सप्रेस', बलूच उग्रवादियों के हमले में 24 लोगों की मौत

Pakistan Train Blast: पाकिस्तानी सैनिकों को क्वेटा से पेशावर ले जा रही जाफर एक्सप्रेस के रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ. ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई और ट्रैक के आसपास खड़ी गाड़ियों में आग लग गई. इस हमले में 24 लोगों की मौत हो गई है.

Advertisement
pic
24 मई 2026 (पब्लिश्ड: 05:44 PM IST)
Pakistan Train Blast:
ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई. (फोटो: सोशल मीडिया)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया है. पाकिस्तानी सैनिकों को क्वेटा से पेशावर ले जा रही जाफर एक्सप्रेस के रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ. ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई और ट्रैक के आसपास खड़ी गाड़ियों में आग लग गई. इस हमले में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है. बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है.

क्वेटा बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी है. एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, यह धमाका रविवार, 24 मई को क्वेटा में चमन फाटक के पास उस समय हुआ, जब वहां से एक ट्रेन गुजर रही थी. इस धमाके से आग लग गई और ट्रेन के डिब्बों, आस-पास के घरों और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा. घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू और सिक्योरिटी टीमों ने इलाके को घेर लिया. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. 

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हैं. कई लोगों की हालत गंभीर है. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. एक स्थानीय निवासी फय्याज अहमद ने बताया,

"आज सुबह एक धमाका हुआ और जब हमने बाहर निकलकर देखा तो ट्रेन पर जोरदार हमला हुआ था, जिसके कारण काफी जान-माल का नुकसान हुआ... कई लोग घायल हुए हैं..."

AFP ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि धमाके में मारे गए और घायल हुए लोगों में सेना के जवान भी शामिल हैं, जिसमें 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए. एक अधिकारी ने AFP को बताया,

ट्रेन चमन फाटक पर एक सिग्नल से गुजर रही थी. तभी बारूद से लदी एक कार ने ट्रेन के एक डिब्बे को टक्कर मार दी, जिससे एक जोरदार धमाका हुआ.

BLA ने ली जिम्मेदारी

पाकिस्तानी ब्रॉडकास्टर ARY न्यूज ने स्थानीय पुलिस के हवाले से बताया कि प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. BLA ने इसे पाकिस्तानी सैन्य कर्मियों को निशाना बनाने वाला एक ‘फिदायीन’ या आत्मघाती हमला बताया है. अपने बयान में BLA ने कहा,

आज सुबह मजीद ब्रिगेड ने क्वेटा कैंट से सेना के लोगों को ले जा रही एक ट्रेन को बहुत ही ऑर्गनाइज्ड फिदायीन हमला करके निशाना बनाया. बलूच लिबरेशन आर्मी इस ऑपरेशन की पूरी जिम्मेदारी लेती है. ऑपरेशन के बारे में पूरी जानकारी जल्द ही मीडिया को एक ऑफिशियल बयान में दी जाएगी.

BLA ने मजीद ब्रिगेड को अपनी फिदायीन (आत्म-बलिदान देने वाली) यूनिट बताया है.

पाकिस्तानी पीएम ने दुख जताया

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना की निंदा की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. ‘X’ पर उन्होंने लिखा,

मैं क्वेटा के चमन फाटक के पास हुए भयानक बम धमाके की कड़ी निंदा करता हूं, जिसमें कई मासूम लोगों की दुखद मौत हो गई और कई दूसरे घायल हो गए. आतंकवाद की ऐसी कायरतापूर्ण हरकतें पाकिस्तान के लोगों के इरादे को कमजोर नहीं कर सकतीं. हम आतंकवाद को खत्म करने के अपने पक्के इरादे पर अडिग हैं. पूरा मुल्क इस दुख की घड़ी में बलूचिस्तान के लोगों के साथ खड़ा है.

पहले भी हो चुके हैं हमले

यह पहली बार नहीं है जब जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया है. इस साल कई बार इस ट्रेन पर हमले हो चुके हैं. 11 मार्च 2025 को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने 440 यात्रियों को ले जा रही ट्रेन पर हमला किया था. इसमें 26 लोगों की मौत हुई थी. सुरक्षा बलों ने 354 यात्रियों को बचाया था. इस साल कई बार उग्रवादियों ने ट्रैक पर विस्फोट किए. एक बार ट्रेन पर रॉकेट भी दागा गया.

वीडियो: पाकिस्तान में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की नकल पर पार्टी बनी

Advertisement

Advertisement

()