The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Pakistan military base attack launched by suicide bombers 12 killed 30 wounded Bannu

पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, 12 की मौत, 30 घायल, जैश अल-फुरसन ने ली हमले की जिम्मेदारी

Pakistan Military Base Attack: एक सैन्य अड्डे की दीवार को दो वाहनों ने टक्कर मार दी. इन वाहनों में भारी मात्रा में विस्फोटक लदे हुए थे. ऐसे में जैसे ही वाहन ने दीवार को टक्कर मारी बड़ा विस्फोट हो गया.

Advertisement
suicide attack on cantonment in Pakistan
जैश अल-फुरसन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. (फ़ोटो - सोशल मीडिया)
pic
हरीश
5 मार्च 2025 (Updated: 5 मार्च 2025, 08:54 AM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुए आत्मघाती हमले में 12 लोगों के मौत की ख़बर है. जबकि 30 लोग घायल हैं. जैश अल-फुरसन ने हमले की ज़िम्मेदारी ली है. वहीं, पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि उन्होंने भी 6 हमलावरों को मार गिराया है (Suicide Attack on Cantonment in Pakistan).

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की निंदा की और जानमाल के नुकसान पर दुख जताया है. वहीं, खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने जांच के आदेश दिए हैं.

कैसे हुआ हमला?

दरअसल, 4 मार्च की देर शाम ये हमला हुआ. बन्नू ज़िले के एक सैन्य अड्डे की दीवार को दो वाहनों ने टक्कर मार दी. इन वाहनों में भारी मात्रा में विस्फोटक लदे हुए थे. ऐसे में जैसे ही वाहन ने दीवार को टक्कर मारी, बड़ा विस्फोट हो गया. विस्फोटों के कारण पास की एक मस्जिद की छत ढह गई. जबकि अंदर कई लोग नमाज पढ़ रहे थे.

इधर विस्फोट के बाद 5 अन्य हमलावरों ने सैन्य अड्डे के परिसर में घुसकर हमला कर दिया. हालांकि, सेना ने अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है. लेकिन बन्नू ज़िला अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि कम से कम 12 लोग मारे गए हैं.

एक सुरक्षा अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर इंटरनेशनल न्यूज़ एजेंसी AP को घटना की जानकारी दी है. अधिकारी ने बताया कि दो आत्मघाती हमलावरों ने विशाल सैन्य अड्डे की दीवार के पास खुद को उड़ा लिया. वहीं, दीवार में सेंध लगाने के बाद पांच से छह और हमलावरों ने छावनी में घुसने की कोशिश की. लेकिन उन्हें मार गिराया गया.

ये हमला सूर्यास्त के बाद हुआ. जब लोग मुस्लिम पवित्र महीने रमजान के दौरान अपना रोज़ा (उपवास) तोड़ रहे थे. रमजान शुरू होने के बाद से पाकिस्तान में ये तीसरा आतंकवादी हमला है.

जैश अल-फुरसन ने ली ज़िम्मेदारी

जैश अल-फुरसन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. ये पाकिस्तानी तालिबान आतंकवादी ग्रुप सेे जुड़ा है. बन्नू खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में स्थित है, जहां ये हमला हुआ. बताया जाता है कि पाकिस्तानी तालिबान जैसे आतंकवादी ग्रुप यहां ख़ासा सक्रिय रहते हैं. जैश अल-फुरसन ने ज़िम्मेदारी लेते हुए कहा है कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के दर्जनों सदस्य मारे गए हैं.

पाकिस्तानी अधिकारियों ने क्या बताया?

पाकिस्तानी पुलिस अधिकारी जाहिद खान ने AP को बताया कि दो विस्फोट हुए. इसके बाद हवा में धुंआ का गुबार उठ रहा था. गोलीबारी जारी थी. विस्फोटों से घरों और अन्य इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है. वहीं, अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में चार बच्चे थे. ये विस्फोट स्थल के पास ही रहते थे.

बन्नू ज़िला अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. अहमद फ़राज़ खान ने बताया,

अभी तक हमारे पास 42 पीड़ित आए हैं. इनमें से 12 की मौत हो गई है. 30 घायल हैं. उनमें से कुछ की हालत गंभीर है. सभी डॉक्टरों, ख़ास तौर पर सर्जन और पैरामेडिकल स्टाफ़ को ड्यूटी पर बुलाया गया है. क्योंकि मेडिकल इमरजेंसी लागू कर दी गई है.

बचावकर्मियों और प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता मुहम्मद अली सैफ ने भी घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि विस्फोटों के कारण पास की एक मस्जिद की छत ढह गई. जबकि अंदर कई नमाजी मौजूद थे. कई लोग मलबे के नीचे से लोगों को निकालने में जुटे रहे. इन बचावकर्मियों ने कहा कि उन्होंने मस्जिद के इमाम का शव निकाल लिया है.

(AP के इनपुट के आधार पर)

वीडियो: दुनियादारी: तालिबान का पाकिस्तान पर हमला, क्या अफगानिस्तान के साथ जंग होगी?

Advertisement

Advertisement

()