अब CID और ACP प्रद्युम्न पर चुटकुले बनाने से पहले रूह कांपेगी
टीवी पर इतना कुछ आता है, जाने हमारे बच्चे क्या-क्या सीख रहे हैं.
Advertisement

फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more
फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हज़ारों में मेरी बहना है. ये गाना रहमान ने नहीं सुना. काश सुना होता तो शायद नौ साल की इमान आज ज़िंदा होती. आप कहेंगे एक गाने से क्या ही होता. तो मेरा कहना है कि अगर एक सीरियल देखकर जान लेना सीखा जा सकता है तो हो सकता है इस गाने से थोड़ा प्यार भी जाग जाता.
'डॉन' की खबर के मुताबिक, 11 साल के अब्दुल रहमान को उसकी छोटी बहन के क़त्ल के इल्ज़ाम में गिरफ्तार किया गया है. ये घटना पाकिस्तान की है. रहमान ने धारावाहिक 'सीआईडी' से जान लेने के तरीके सीखे. बच्चे अपनी दादी के शालीमार स्थित घर में ईद मनाने आए हुए थे. जांच के दौरान पता चला है कि भाई-बहन में राइटिंग को लेकर झगड़ा हुआ. उस समय उनकी दादी घर में नहीं थीं. बहन अपने भाई को चिढ़ा रही थी कि उसकी राइटिंग बेहतर है. भाई को गुस्सा आ गया. उसने बहन की गर्दन में स्कार्फ लपेटकर उसका गला घोंट दिया.
अपनी नस काटी
बहन को मारने के बाद लड़का डर गया. जुर्म छिपाने के लिए उसने अपनी कलाई की नस काट ली और दरवाजा बंद कर लिया. बच्चों की दादी जब घर वापस लौटीं तो दरवाजा बंद देखकर पड़ोसियों को बुलाया. लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में लड़की मर चुकी थी. जबकि लड़के की कलाई में जख़्म था.
मां को हिरासत में लिया
पुलिस ने इमान की सौतेली मां सबा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया. लड़के ने पुलिस को बताया कि वह भारतीय धारावाहिक सीआईडी अक्सर देखता था और उसने किसी की जान लेने का तरीका वहीं से सीखा था.
धारावाहिक पहले भी दे चुके हैं ऐसी 'सीख'
ये भी पढ़ें- भीड़ ने महिला को पीटकर मार डाला, लोग हंसते रहे, वीडियो बनाते रहे
- भोपाल में एक लड़के ने अपने बड़े भाई को मार डाला. सिर पर हथौड़ी से 6 वार किए. मारने के बाद वह भाई की लाश के साथ नींद की गोली खाकर रात भर सोता रहा. आरोपी ने कहा कि उसने टीवी सीरियल 'क्राइम पेट्रोल' देखकर पूरी वारदात को प्लान किया था.
- कानपुर का एक व्यापारी अमनप्रीत अपनी पत्नी हरप्रीत को मार देना चाहता था. क्योंकि वो मोटी थी. हरप्रीत ने बताया कि अमनप्रीत ने कई घंटों तक 'सावधान इंडिया' देखता रहा और फिर उसने हरप्रीत पर चाकू से कई वार किए. वो पूरी साजिश सावधान इंडिया देखकर रच रहा था. हरप्रीत ने बताया कि उसका पति उसे दहेज के लिए भी परेशान करता था.
- दिल्ली में वकालत के छात्र रजत ने अपने बुजुर्ग नाना-नानी के घर लूट की साजिश रची. रजत सावधान इंडिया व क्राइम पेट्रोल देखता था. उसने दोस्त ऋषभ को भी लूट की रकम में हिस्सा देने का वादा कर अपनी साजिश में शामिल किया. उसने 90 साल के अपने नाना को दबोच लिया. नाना के शोर मचाने पर लोग पहुंच गए और आरोपी पकड़ा गया.
हमारे बचपन में टीवी पर शक्तिमान आता था. जो संडे के दिन भी हमें 12 बजे से पहले नहा-धोकर तैयार होने के लिए प्रेरित करता था. उससे भी कई धुरंधरों ने गोल-गोल घूमकर 'उड़ना' सीख लिया था. सीखते-सीखते कई ने ऊपर ही ठिकाना खोज लिया. अब कुछ धुरंधर दूसरों को ही ऊपर भेजे दे रहे हैं. सीरियलों को इतना सीरियसली लेते ही क्यों हो भाई. अब तो कई मां-बाप नज़र भी रखते हैं कि उनके बच्चे टीवी या इंटरनेट पर क्या देख रहे हैं. हम जो देखते, पढ़ते, सुनते हैं, उसका असर पड़ता है. गुस्सा, नाराज़गी, जलन होना स्वाभाविक है. लेकिन वहशियत तक पहुंच जाना आम नहीं. ध्यान दो. कुछ भी न सोच लिया करो.
ये भी पढ़ें- भीड़ ने महिला को पीटकर मार डाला, लोग हंसते रहे, वीडियो बनाते रहे

