The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Operation Riot: Up leaders expossed in sting operation danga politicians from across parties agreeing to stage religious violence for Rs 5 lakh

'नेताजी एक दंगा कितने का पड़ेगा? 5 लाख में हो जाएगा'

मुजफ्फरनगर से BJP विधायक, हरिद्वार के सपा अध्यक्ष और VHP से जुड़े लीडर दंगा बेच रहे हैं. जो बोलोगे, वो हो जाएगा. बस कीमत देनी होगी.

Advertisement
Img The Lallantop
Symbolic image, फोटो क्रेडिट: Reuters
pic
विकास टिनटिन
28 जून 2016 (Updated: 28 जून 2016, 01:07 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share
अब तक दंगों की सिर्फ एक ही कीमत समझ पाता था. वो कीमत, जो दंगों में लोगों को चुकानी पड़ती है. अपना घर, अपने लोगों को खोने की कीमत. लेकिन अब जबकि सब कुछ 'बिकाऊ' है. हर चीज 'खरीदी' जा सकती है. दंगा भी बिक्री के लिए तैयार है. दंगे बेचने वाले हैं नेता और एक दंगे की कीमत है 5 लाख रुपये.
इंडिया टुडे के स्टिंग 'ऑपरेशन दंगा' में इस बात का खुलासा हुआ है. दंगे के 'कॉन्फिडेंट विक्रेता' हैं मुजफ्फरनगर के बीजेपी विधायक कपिलदेव अग्रवाल. हरिद्वार से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष हाफिज मुहम्मद इरफान. हिंदू स्वाभिमान संगठन की धर्म सेना यूनिट के परमिंदर आर्या. ये वही आर्या हैं, जो ISIS को टक्कर देने के लिए लोगों को हथियारों की ट्रेनिंग देने को लेकर खबरों में रहे थे.
स्टिंग के लिए रची एक काल्पनिक कहानी रिपोर्टर ने इन तीनों लोगों को एक कहानी सुनाई. कहानी कि हम फिल्ममेकर हैं. एक डॉक्यूमेंट्री बना रहे हैं, जिसमें हिंदू धर्म को लेकर कुछ विवादित बयान हैं. इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग में तोड़फोड़, मारपीट, धक्का-मुक्की करवाने का काम है. भीड़ वाली जगहों पर इन कामों के बाद क्या होता है. ये आप हम अच्छे से समझते हैं. रिपोर्टर ने बारी-बारी से सबसे बात की.


1. bjp mla kapil dev
बीजेपी विधायक कपिलदेव अग्रवाल, मुजफ्फरनगर

कपिलदेव: क्या किसी और को इंवॉल्व किया है. डेढ़ घंटे की वीडियो है. कौन देखेगा उसको? रिपोर्टर: नहीं, सिर्फ आपको ही इंवॉल्व किया है. डेढ़ घंटे का देखें न देखें. थोड़ा सा 5 मिनट का देखके. हम पहले प्रचार करेंगे अखबारों में तो सब्जेक्ट पता चल जाएगा. सब्जेक्ट से आप वैसे ही विरोध में आ जाएंगे. थोड़े उस दिन कार्यकर्ता भेजके... कपिलदेव: सीडी बिक जाएगी तुम्हारी ऐं. मार्केटिंग करनी है तुम्हारी? रिपोर्टर: जी कपिलदेव: सेवा क्या कर रहे हैं. क्या करोगे आप? रिपोर्टर: मिनिमम एक लाख रुपये. कपिलदेव: चेक से क्या बता रहे थे. चेक से दोगे क्या और किस बिहाफ पे? रिपोर्टर: आप चेक से कहोगे तो उससे कर देंगे. 50 फीसदी चेक से. 50 फीसदी कैश से. आप जिसे बोलोगे, उसे कंसल्टेंसी दे देंगे हम अपनी कंपनी में. कितने लड़के भेज देंगे आप? कपिलदेव: चलो. एक बार दोबारा बात करेंगे.
(इस मुलाकात के बाद कपिलदेव अग्रवाल ने रिपोर्टर से दूसरी मुलाकात अपने घर पर की. इस मुलाकात में कपिलदेव ने मुजफ्फरनगर की तरह के दंगे की सलाह दे डाली.)

कपिलदेव: कुछ कर रहे हो तो ढंग से करो. कुछ क्या कर रहे हो? रिपोर्टर: कैसे. आप गाइड कीजिए न. कपिलदेव: हमें क्या मालूम. आप देखो न. मान लो कि लड़कों से हम कह देंगे. पुशअप कर देंगे उनको. स्क्रीन विस्क्रीन फाड़ देंगे. तोड़फोड़ कर देंगे. हल्ला काट देंगे. अखबार में दे देंगे कि बैन होनी चाहिए. इश्यू हम उसका बनाएंगे. ऐसा तो रखो कि लगे हां. हमको स्ट्राइक करे कुछ. रिपोर्टर: 5 लाख रुपये ठीक हैं? कपिलदेव: हूं. रिपोर्टर: हम एक बार पहले भी बता चुके हैं इस तरीके से कर देंगे हम पेमेंट वगैरह. हमारी फिल्म हिट हो जाएगी तो पैसा वसूल हो जाएगा हमारा. कपिलदेव: अमाउंट बताओ. अमाउंट वाला चक्कर. क्या करना चाहते हो? रिपोर्टर: पांच लाख बता दिया था. कपिलदेव: काफी सारे लड़कों को मैनेज करना पड़ेगा. कुछ न कुछ करना पड़ेगा. लड़के आते हैं. लड़कों की टीम का खाना पीना. रिपोर्टर: ज्यादा लड़के नहीं, 50 लड़के बहुत हैं.

(चैनल की मानें तो कपिलदेव अग्रवाल इस सौदे के लिए तैयार हो गए थे.)




2. परमिंदर आर्या, हिंदू स्वाभिमान संगठन
परमिंदर आर्या, हिंदू स्वाभिमान संगठन

रिपोर्टर: किस तरीके करेंगे आप. कितने लड़के पहुंच जाएंगे. क्या-क्या करेंगे लड़के? परमिंदर आर्या: 50 लड़के पहुंच जाएंगे. आपके जो बैनर होंगे, वो आपके फाड़ देंगे. नारेबाजी लगा देंगे वहां पर,

'पिक्चर राम के खिलाफ है.' 'जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं.' 'राम का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान'

रिपोर्टर: मारपीट हो जाएगी थोड़ी सी. हमारे चेले चपाटे होंगे वहां. उन्हें पिटवा देते? परमिंदर आर्या: अभी जिसको कहोगे....दोगे. कपड़े वपड़े फाड़ देंगे. जिस लड़के को बताओगे. कपड़े फाड़ देंगे. चोट-फोट लग जाए. लड़के वैसे कंट्रोल में रहते नहीं. उस टाइम पर अपना ज्यादा चोट-वोट मार दी तो दिक्कत. मीडिया में सब आ जाएगा पहले. उसमें क्या. मीडिया में हम देंगे. इंटरव्यू दे देंगे. रिपोर्टर: मैं तो कहूंगा कि हमारे प्रोग्राम में आकर हंगामा कर दिया. परमिंदर आर्या: आप बोल देना. उसके बाद जो मीडिया आएगी न हमारा इंटरव्यू लेने. तो हम इंटरव्यू दे देंगे वहीं पर. बाकी हम प्रोग्राम में रहेंगे नहीं. पुलिस आ जाएगी. बकवासबाजी हो जाएगी. उसके बाद मीडिया में आ जाएंगे. हमारा कार्यालय हैं वहीं पर. दौराला (मेरठ) में दे देंगे मीडिया में. रिपोर्टर: एक लाख के पास हो जाएगा क्या? परमिंदर आर्या: हां हो जाएगा. बात करके बता दूंगा. बिलकुल हो जाना चाहिए. देखो ऐसा है. आपको मेरे बारे में ज्यादा पता नहीं. मुझे आपके बारे में नहीं पता. हमारी क्या. हमने एक बार में हां कर दी न. किसी की जो बो हमने बोल दिया. हम उस जुबां के पक्के रहते हैं. हमारी आदत है.


3. हाफिज मुहम्मद इरफान, अध्यक्ष समाजवादी पार्टी, हरिद्वार
हाफिज मुहम्मद इरफान, अध्यक्ष समाजवादी पार्टी, हरिद्वार

रिपोर्टर ने हाफिज को भी डॉक्यूमेंट्री वाली ही कहानी सुनाई. बस एक फेरबदल के साथ. कहा- डॉक्यूमेंट्री में कुछ उनके धर्म को लेकर कुछ विवादित टिप्पणी हैं. धर्म दूसरा होने से दंगे की नियत थोड़ी दूजी हो जाती है. लिहाजा हाफिज भी दंगे के लिए तैयार और रेट बताते नजर आए.

रिपोर्टर: कितने लोग पहुंच जाएंगे. और क्या क्या कर देंगे. 50-60 लोग हो सकते हैं क्या? हाफिज: हां आ जाएंगे. विरोध, नारेबाजी ही तो करनी है. और क्या क्या करना है. धक्का मुक्की वगैरह सब हो जाएगा. रिपोर्टर: हमें क्या खिदमत करनी होगी? आप एक आइडिया दे दें. लंबा नहीं खींचना चाहते हम. क्योंकि आपका टाइम भी कीमती है. दो लाख तक चल जाएगा? हाफिज: आप समझदार हैं. 2 लाख तो कम हैं. 50-60 आदमी तैयार करने हैं. 5 लाख लगेंगे. हंगामा, मीडिया वगैरह सब हो जाएगा.

इस स्टिंग के सामने आने के बाद जब इन लोगों से इस बारे में पूछा गया तो सबरे पलट गए. बोले,

कपिलदेव अग्रवाल: आप किस स्टिंग की बात कर रहे हैं. सैकड़ों लोग ऐसे मिलते हैं. मुझे तो इस बारे में कुछ याद नहीं आ रहा.
हाफिज: नहीं ऐसा तो मैंने कभी कुछ नहीं कहा. और न ही मैंने ऐसी कोई बात कही. मैंने किसी से कोई बात नहीं की. मेरे संज्ञान में ऐसा कुछ नहीं है.


देखें स्टिंग का पूरा वीडियो...
https://www.youtube.com/watch?v=U50h-VKCXxg&feature=youtu.be
 
 

Advertisement

Advertisement

()