The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Operation Epic Fury 6 US military troops killed in iran israel war

अमेरिका के छह सैनिक मारे गए, यूएस आर्मी ने कहा- ईरान के अटैक में हुई मौत

Iran पर सैन्य हमले को अमेरिकी सेना ने ‘Operation Epic Fury’ नाम दे रखा है. इस ऑपरेशन के शुरू होने के बाद से अब तक छह अमेरिकी सैनिक मारे जा चुके हैं.

Advertisement
pic
3 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 10:21 AM IST)
Operation Epic Fury 6 US military troops killed in iran israel war
ऑपरेशन एपिक फ्यूरी जारी है. (फोटो: इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

ईरान पर अमेरिका-इजरायल की सैन्य कार्रवाई जारी है. ईरान भी सख्ती के साथ जवाब दे रहा है और मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर ताबड़तोड़ मिसाइलें दाग रहा है. ईरान पर सैन्य हमले को अमेरिकी सेना ने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ नाम दे रखा है. इस ऑपरेशन के शुरू होने के बाद से अब तक छह अमेरिकी सैनिक मारे जा चुके हैं. यूएस सेंट्रल कमांड ने इसकी जानकारी दी है.

यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ‘X’ पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा, “2 मार्च को शाम 4 बजे (ईस्टर्न टाइम) तक, छह अमेरिकी सैनिक कार्रवाई में मारे गए हैं.”

Operation Epic Fury
(फोटो: X)

कमांड ने आगे कहा कि अमेरिकी सेना ने हाल ही में एक जगह से दो ऐसे सैनिकों के शव बरामद किए हैं, जिनका पहले पता नहीं था. यानी ये सैनिक ईरान के शुरुआती हमलों में मारे गए थे.

ऑपरेशन एपिक फ्यूरी शुरू होने के बाद, ईरानी हमलों में ये मौते हुई हैं. यूएस सेंट्रल कमांड ने यह भी कन्फर्म किया कि कुवैत ने गलती से अमेरिका के तीन F-15E फाइटर जेट मार गिराए थे. सभी छह क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकल गए और उन्हें बचा लिया गया.

वहीं, ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने शुरुआती आंकड़ों में कहा कि ईरान में अब तक लगभग 550 लोग मारे गए हैं, हालांकि, देश में कुल मौतों के आंकड़े इससे कहीं ज्यादा हो सकते हैं. अमेरिकी सेना ने कहा कि ऑपरेशन शुरू होने के बाद से उसने ईरान में 1,250 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया है और 11 ईरानी जहाजों को नष्ट कर दिया है.

ये भी पढ़ें: ईरान के हमलों से दंग रह गए ट्रंप, खुद माना, ‘ये अब तक का सबसे बड़ा सरप्राइज...’

बताते चलें कि इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है, जिसके बाद से ईरान ने भी इजरायल समेत मिडिल-ईस्ट में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी हमले तेज कर दिए हैं.

ईरान के हमले के खिलाफ खाड़ी के सभी देश एकजुट नजर आ रहे हैं. सब ने मिलकर ईरानी हमलों की निंदा की है और कहा है कि वो इसका जवाब देने का पूरा अधिकार रखते हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि जंग हफ्तों तक चल सकती है.

वीडियो: इजरायल-ईरान युद्ध के बीच स्पेन ने अमेरिका को कैसा झटका दे दिया?

Advertisement

Advertisement

()